भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

कोडरमा शहर में हाथियों की दस्तक:बाउंड्रीवॉल तोड़ी, सब्जियां नष्ट; वन विभाग ने...




कोडरमा में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रहने वाले हाथियों ने शहरी इलाकों की ओर रुख कर लिया है, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया है। रविवार देर रात सदर थाना क्षेत्र के कोलटेक्स के समीप हाथियों का एक झुंड पहुंच गया। इस दौरान हाथियों ने माहेश्वरी पांडे के घर की बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया। आसपास लगी साग-सब्जियों को भी रौंद दिया। अचानक हुए इस नुकसान से परिवार के साथ-साथ आसपास के लोग भी सहम गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय हाथियों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वन विभाग ने संभाली स्थिति हाथियों के शहरी क्षेत्र में प्रवेश की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हालांकि, वन विभाग की टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए स्थिति पर नजर रखना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने लोगों को सतर्क करते हुए हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट रूप से कहा है कि कोई भी व्यक्ति हाथियों के पास जाने, उन्हें छेड़ने या फोटो-वीडियो बनाने के लिए भीड़ न लगाए, क्योंकि इससे खतरा और बढ़ सकता है। साथ ही रात के समय ऐसे इलाकों में अनावश्यक रूप से आवाजाही न करने की सलाह दी गई है। पहले भी तिलैया बस्ती में दिखे थे हाथी इससे पहले रविवार शाम को भी हाथियों की गतिविधि सामने आई थी, जब तीन हाथियों का एक झुंड झुमरीतिलैया के वार्ड संख्या 02 स्थित तिलैया बस्ती के आसपास देखा गया था। स्थानीय युवकों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ दिया गया। लगातार हो रही इन घटनाओं से यह स्पष्ट है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है, जो लोगों के लिए खतरे का संकेत है। प्रशासन ने ग्रामीणों और शहरी लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top