![]()
हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड की बेलकप्पी पंचायत के जलहैया टोला बंडासिंगा में सोमवार देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने उत्पात मचाया। इस घटना में एक व्यक्ति की हाथियों के कुचलने से मौत हो गई। हाथियों ने एक प्राथमिक विद्यालय और काली मंडा मंदिर परिसर को भी भारी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद से पूरे गांव में भय का माहौल है। मृतक की पहचान जलहैया टोला निवासी मुकेश गोस्वामी (पिता- काली गोस्वामी) के रूप में हुई है। वह प्रतिदिन की तरह गांव के मॉडल स्कूल के सामने स्थित प्राथमिक विद्यालय के बरामदे में सो रहे थे। देर रात हाथियों का झुंड अचानक वहां पहुंच गया और उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। विद्यालय भवन और अन्य सामग्री को भी नुकसान पहुंचा हाथियों ने विद्यालय परिसर में भी भारी उत्पात मचाया। प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक शुकर ठाकुर ने बताया कि झुंड ने विद्यालय के पांच दरवाजे तोड़ दिए। मिड-डे मील के लिए रखी एक बोरी दाल, दो बोरी चावल सहित अन्य खाद्यान्न को भी नष्ट कर दिया गया। विद्यालय भवन और अन्य सामग्री को भी नुकसान पहुंचा है। इसके बाद हाथियों ने गांव के काली मंडा मंदिर परिसर में भी तोड़फोड़ की, जिससे मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। पूर्व मुखिया पति अर्जुन राणा ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में हाथियों का आतंक बना हुआ है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने मृतक के परिजनों को शीघ्र उचित मुआवजा देने और परिवार के एकमात्र पुत्र के पालन-पोषण की जिम्मेदारी सरकार द्वारा उठाने की मांग की। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में ऐसे हादसे दोबारा भी हो सकते हैं। वन विभाग से हाथियों की आवाजाही रोकने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग लगातार तेज होती जा रही है। बरकट्ठा प्रखंड में हाथी के हमले में यह दूसरी मौत लगातार एक सप्ताह के भीतर है क्योंकि कुछ दिन पूर्व ही हाथियों के हमले में इसी प्रखंड में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी एवं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था
Source link