Last Updated:
Weather Today Rain Live: देशभर में मानसून का गदर मचा रहा है. दिल्ली और गाजियाबाद में बारिश से जुड़े हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है. जबकि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग…और पढ़ें

IMD ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. (फोटो PTI)
Weather Today Rain Live: मानसून का पहले लोग इंतजार कर रहे थे. गर्मी इतनी भीषण थी कि लोग बारिश के लिए मिन्नतें कर रहे थे. लेकिन अब जब मानसून आया तो साथ में भयंकर तबाही भी लाया. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड तक लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को तहस-नहस कर दिया है. दिल्ली और गाजियाबाद में जलभराव से जुड़े अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सड़कों पर कई घंटे तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही. दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड में बादलों का डेरा बना हुआ है और पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे उत्तर भारत के लिए बेहद अहम हैं और लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए.
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आए लो प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है. दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि यूपी के कई जिलों में रेड अलर्ट लागू है. दूसरी ओर मुंबई और महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधि कम होने की संभावना जताई गई है, हालांकि पुणे और सतारा में अब भी ऑरेंज अलर्ट जारी है. मौसम विभाग ने नदियों के किनारे रहने वाले लोगों और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है.
कहां-कहां भारी बारिश का अलर्ट, जानिए ताजा अपडेट
- दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. यूपी के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट लागू है. वहीं महाराष्ट्र में बारिश की तीव्रता कुछ कम होगी, लेकिन पुणे और सतारा में भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में भूस्खलन और नदियों के जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई गई है.
- दिल्ली-एनसीआर में बुधवार देर रात से गुरुवार दोपहर तक लगातार बारिश होती रही. मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया के अनुसार, ‘बंगाल की खाड़ी से बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिमी उत्तर प्रदेश होते हुए दिल्ली पहुंचा, जिसकी वजह से राजधानी में लगातार बारिश हुई.’ भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, उखड़े पेड़ और ओवरफ्लो होते नाले देखने को मिले.
- बारिश के बीच दिल्ली और गाजियाबाद में चार लोगों की मौत ने चिंता बढ़ा दी है. दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में सात साल के एक बच्चे की जलभराव वाले गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. वहीं गाजियाबाद के सर्वोदय नगर में तीन साल की बच्ची की पानी में डूबने से मौत हो गई. इंदिरापुरम में 24 साल के सुरक्षा गार्ड बाबलू कुमार की करंट लगने से जान चली गई, जबकि दिल्ली-सहारनपुर रोड के पास एक नाले से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ.
दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट, जलभराव ने बढ़ाई परेशानी
- IMD ने शुक्रवार के लिए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी भारी बारिश हो सकती है, हालांकि 11 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. राजधानी के कई बाजारों और निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया. गाजीपुर एनएच-9, सदर बाजार, लक्ष्मी नगर, पटपड़गंज, सीलमपुर और संगम विहार समेत कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला.
- दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, ‘कई महीनों तक नालों की सफाई, पंपों की तैनाती और 24 घंटे निगरानी के कारण 100 मिमी से अधिक बारिश के बावजूद मिंटो ब्रिज, जखीरा अंडरपास, धौला कुआं, मूलचंद और पुल प्रहलादपुर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर यातायात सामान्य बनाए रखने में मदद मिली.’
यूपी में रेड अलर्ट, कई जिलों में अत्यधिक बारिश का खतरा
आईएमडी ने मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, संभल और अमरोहा (ज्योतिबा फुले नगर) के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं सीतापुर, हरदोई, बुलंदशहर, सहारनपुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर और हापुड़ में ऑरेंज अलर्ट लागू है. लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है.
मुंबई में राहत, लेकिन पुणे-सतारा में खतरा बरकरार
मुंबई और महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार से बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है. हालांकि पुणे और सतारा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं रायगढ़, कोल्हापुर, नागपुर, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है. मौसम विभाग ने कहा है कि हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
उत्तराखंड में बादलों का डेरा, भूस्खलन की आशंका
उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने तथा मौसम की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है.
Delhi Weather Rain Live: दिल्ली के कई इलाकों में अब भी जलभराव, ट्रैफिक पर असर
दिल्ली मौसम बारिश लाइव: बारिश थमने के बाद भी दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है. सदर बाजार, लक्ष्मी नगर, पटपड़गंज, गाजीपुर, सीलमपुर, संगम विहार और बदरपुर जैसे इलाकों में सड़कें अभी भी प्रभावित हैं. एनएच-9 और कई प्रमुख मार्गों पर वाहन धीमी गति से चल रहे हैं. ट्रैफिक पुलिस लगातार प्रभावित मार्गों पर व्यवस्था संभाल रही है. नगर निगम और पीडब्ल्यूडी की टीमें पानी निकासी के काम में लगी हुई हैं ताकि यातायात सामान्य किया जा सके.
Uttarakhand Rain Live: उत्तराखंड में लगातार बारिश, भूस्खलन का खतरा बढ़ा
उत्तराखंड बारिश लाइव: उत्तराखंड के कई पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बंद होने की आशंका बढ़ गई है. मौसम विभाग ने यात्रियों को पर्वतीय मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. चारधाम यात्रा मार्गों पर भी प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है. नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के कारण संवेदनशील इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से मौसम साफ होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.
Mumbai Rain Live: मुंबई में राहत के संकेत, लेकिन पुणे और सतारा में अलर्ट बरकरार
मुंबई बारिश लाइव: महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार से बारिश कम होने की संभावना जताई गई है. हालांकि पुणे और सतारा में ऑरेंज अलर्ट जारी है. वहीं रायगढ़, कोल्हापुर, नागपुर, चंद्रपुर और गढ़चिरौली समेत कई जिलों में येलो अलर्ट लागू है. मौसम विभाग का कहना है कि मुंबई में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है, लेकिन पिछले दो दिनों जैसी भारी बारिश की संभावना फिलहाल कम है. प्रशासन ने लोगों से मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है.
Delhi Weather Rain Live: दिल्ली की बारिश की वजह बना बंगाल की खाड़ी से आया लो प्रेशर सिस्टम
दिल्ली मौसम बारिश लाइव: मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में हुई लगातार बारिश की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी से बना कम दबाव का क्षेत्र है. यह सिस्टम पश्चिमी उत्तर प्रदेश होते हुए राजधानी तक पहुंचा, जिससे कई घंटों तक लगातार बारिश हुई. IMD का कहना है कि मानसून टर्फ अभी भी उत्तर भारत के करीब सक्रिय है. इसी वजह से दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
UP Weather Rain Live: यूपी के कई जिलों में रेड अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
यूपी मैसम बारिश लाइव: भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, बदायूं और संभल में अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है. जिला प्रशासन ने स्कूलों, राहत एजेंसियों और आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले स्थानों में नहीं रुकने की सलाह दी गई है. अगले 24 घंटे मौसम की दृष्टि से संवेदनशील माने जा रहे हैं.
Delhi Rain Live: दिल्ली-गाजियाबाद में चार मौतों के बाद बढ़ी चिंता
दिल्ली बारिश लाइव: दिल्ली और गाजियाबाद में बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत के बाद प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं. दिल्ली के समयपुर बादली में एक बच्चे की जलभराव वाले गड्ढे में डूबने से मौत हो गई, जबकि गाजियाबाद में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों ने जान गंवाई. इनमें एक बच्ची के डूबने, एक युवक की करंट लगने और एक व्यक्ति के नाले में गिरने की घटना शामिल है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों और खुले नालों से दूर रहने की अपील की है.
Delhi Rain Live: दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद हालात पर प्रशासन की नजर
दिल्ली बारिश लाइव: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हुई बारिश के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. कई इलाकों में जलभराव की स्थिति अब भी बनी हुई है, जबकि निचले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए पंप लगातार चलाए जा रहे हैं. आईएमडी ने शुक्रवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. ट्रैफिक पुलिस ने भी कई प्रभावित मार्गों पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक रुक-रुककर तेज बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.