![]()
कामडारा|कामडारा थाना परिसर में रविवार को थाना प्रभारी आशिष कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ व्यवहारिक परिचय एवं समन्वय को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी समन्वय, विश्वास तथा सौहार्दपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना था। ताकि आम जनता एवं पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो तथा क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जन शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं सामुदायिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाया जा सके। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सामाजिक समस्याओं, अपराध की रोकथाम, नशा उन्मूलन, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा अन्य स्थानीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आपराधिक घटना अथवा विधि-व्यवस्था संबंधी सूचना की तत्काल जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं तथा आम जनता को कानून का पालन करने एवं पुलिस के साथ सहयोग करने के लिए प्रेरित करें।इस बैठक मे क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि व अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
Source link