भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

उमवि मुरुमडीह के भवन की छत से झड़ रहा प्लास्टर, बारिश में...



राजनगर प्रखंड क्षेत्र के मुरुमडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय का भवन जर्जर स्थिति में है। विद्यालय की कक्षाओं की छत से प्लास्टर टूट-टूटकर गिर रहा है। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता है। इससे कक्षाओं में पढ़ाई बाधित हो रही है। इसके बावजूद छात्र-छात्राएं जान जोखिम में डालकर शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं। यह स्थिति बच्चों और शिक्षकों के लिए लगातार खतरा बनती जा रही है। विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों का कहना है कि बारिश के समय कक्षाओं की छत से पानी टपकने लगता है। इससे बैठकर पढ़ाई करना मुश्किल हो जाता है। छत का प्लास्टर कई जगहों से उखड़ चुका है। लोहे की सरिया तक दिखाई देने लगी है। ऐसे में हर समय डर बना रहता है कि कहीं बड़ा हिस्सा टूटकर किसी बच्चे पर न गिर जाए। वहीं विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति को लेकर शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित रूप से अवगत कराया गया है। मरम्मत और नए भवन की मांग को लेकर लगातार पत्राचार भी किया गया। अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। शिक्षकों का कहना है कि कक्षा में पढ़ाते समय हमेशा भय बना रहता है कि कहीं अचानक प्लास्टर गिरने से कोई अप्रिय घटना न हो जाए। ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से अविलंब विद्यालय भवन का निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने आवश्यक मरम्मत कराने की भी मांग की है। बच्चों के लिए सुरक्षित शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि शिक्षा का मंदिर तभी सार्थक होगा, जब उसमें पढ़ने वाले बच्चे सुरक्षित रहेंगे। इस संबंध में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपात से पूछने पर बताया गया कि उमवि मुरुमडीह स्कूल भवन की भौतिक स्थिति संबंधी प्रतिवेदन जिला कार्यालय को भेज दिया गया है। छत से प्लास्टर झड़ रहा है। बरसात में पानी टपकता है। विभागीय अभियंता शीघ्र ही स्थल का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। भवन की मरम्मत कराई जाएगी या उसे जर्जर घोषित किया जाएगा। इसके बाद नए भवन के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाएगी।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top