Last Updated:
बोकारो के किसान सियाराम मिश्रा ने 60 डिसमिल जमीन पर मक्के की खेती की. मात्र ₹15,000 की लागत में 3 महीने में फसल तैयार हुई. ₹20 प्रति किलो के भाव से 50 क्विंटल मक्का बेचकर ₹1 लाख की कमाई हुई. लागत घटाकर ₹85,000 का शुद्ध मुनाफा मिला.
बोकारो: जिले में खेती-किसानी अब सिर्फ धान और पारंपरिक फसलों तक सीमित नहीं रही है. बल्कि अब किसान कम समय और कम लागत वाली फसलों की खेती कर बेहतर आमदनी का जरिया तलाश रहे हैं. इसका बेहतरीन उदाहरण जरीडीह प्रखंड के तातरी गांव के किसान सियाराम मिश्रा हैं, जो मक्का की खेती से अच्छी कमाई कर स्थानीय किसानों के लिए मिसाल पेश कर रहे हैं. महज 60 डिसमिल जमीन में मक्का की खेती कर सियाराम मिश्रा करीब 3 महीने में अच्छी पैदावार हासिल कर मोटी आमदनी कमा रहे हैं.
क्या कहते हैं किसान सियाराम मिश्रा?
किसान सियाराम मिश्रा बताते हैं कि वह अपने बाप-दादा को देखकर बचपन से ही खेती करते आ रहे हैं. इस बार उन्होंने मई महीने में 60 डिसमिल जमीन पर मक्का की खेती शुरू की. उनके मुताबिक, मक्का की फसल करीब 80 से 100 दिनों यानी लगभग 3 महीने में तैयार हो जाती है. यही वजह है कि कम समय में तैयार होने वाली इस फसल को किसान आसानी से अपनी खेती का हिस्सा बना सकते हैं
सियाराम मिश्रा के अनुसार, 60 डिसमिल जमीन में मक्का की खेती करने में करीब 10 हजार रुपये की लागत आई. वहीं, अच्छी देखरेख के बाद इस जमीन से उन्हें करीब 40 से 50 क्विंटल तक मक्का का उत्पादन मिलने की उम्मीद है.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्थानीय बाजार में मक्का का भाव करीब 20 रुपये प्रति किलो है. ऐसे में अगर 50 क्विंटल उत्पादन 20 रुपये प्रति किलो की दर से बिकता है, तो कुल बिक्री करीब 1 लाख रुपये होगी. इसमें करीब कुल 15 हजार रुपये की लागत घटाने के बाद लगभग 85 हजार रुपये का शुद्ध लाभ बच सकता है.
किसानों के लिए जरूरी सलाह
आखिर में किसान सियाराम मिश्रा बताते हैं कि मक्का की फसल में आमतौर पर कीड़ों का प्रकोप ज्यादा नहीं रहता, लेकिन समय-समय पर खेत की निगरानी करना जरूरी है. यदि फसल में कीट का प्रकोप दिखाई दे तो कृषि विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार उचित कीटनाशक का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा खेत में जलभराव न होने देना और खरपतवार को समय पर नियंत्रित करना भी जरूरी है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें