राजकीयकृत आदर्श प्लस टू उच्च विद्यालय पाटन में बुधवार को सशक्त युवा, सशक्त भारत विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नालसा एवं झालसा के निर्देश पर डीएलएसए पलामू की टीम लीडर आशीष पुर्यमन दुबे के नेतृत्व में आयोजित हुआ। प्रधानाचार्य संतोष कुमार के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान दर्जनों शिक्षक व सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे। मौके पर आशीष ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा व कौशल को सही दिशा मिले तो देश विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है। युवाओं का सशक्तिकरण केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है। युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने का प्रयास करना चाहिए। अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर युवा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जब युवा आत्मनिर्भर, सशक्त और मानसिक रूप से मजबूत होंगे, तभी सशक्त भारत का निर्माण होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डीएलएसए के पीएलवी प्रमोद कुमार शुक्ला, पाल्हे कला पंचायत के शैलेश कुमार पासवान, काके कला पंचायत के चंद्रदीप पासवान, सुधांशु शुक्ला समेत विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन ‘युवा बदलेगा, तो देश बदलेगा’ के संदेश और ‘जय हिंद, जय भारत’ के उद्घोष के साथ हुआ।
Source link