भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

बीजेपी ने बनाया मेगा Gen Z प्लान! नितिन नवीन की 10 मेम्बर...


देश की राजनीति में युवा वोटरों, खासकर जेनेरेशन ज़ी (Gen Z) की बढ़ती भूमिका को देखते हुए बीजेपी ने युवाओं तक अपनी पहुंच मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. पार्टी अब एक खास जेन ज़ी आउटरीच कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर रही है, जिसके जरिये युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं, सवालों और चिंताओं को समझने के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों और सरकार की योजनाओं को भी ज्यादा प्रभावी तरीके से युवाओं और आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा.

बीजेपी के विस्तार कार्यालय में शनिवार को हुए बेहद अहम बैठक में इस अभियान को लेकर अहम फैसला लिया गया. इसके लिए 10 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है. पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन इस कमेटी की अध्यक्षता करेंगे, जबकि पार्टी महासचिव विनोद तावड़े को इसका कोऑर्डिनेटर बनाया गया है. कमेटी में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी और सतीश पूनिया समेत पार्टी के अन्य नेता भी शामिल होंगे.

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कमेटी जेन ज़ी और युवा वर्ग तक पहुंच बनाने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगी. इसका मकसद सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित रहना नहीं, बल्कि युवाओं के बीच जाकर उनसे संवाद करना और उनकी प्राथमिकताओं को समझना भी होगा.

Gen Z को बताएंगे मोदी सरकार के काम

बीजेपी का यह नया प्लान ऐसे समय में सामने आया है, जब देश में युवा मतदाताओं की संख्या लगातार राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण हो रही है. पार्टी की कोशिश है कि युवाओं के बीच सरकार के कामकाज, रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप, तकनीक, स्किलिंग और देश के विकास से जुड़े मुद्दों को ज्यादा प्रभावी ढंग से रखा जाए.

10 सदस्यीय कमेटी इस बात पर भी काम करेगी कि प्रधानमंत्री मोदी के लंबे राजनीतिक कार्यकाल और सरकार की उपलब्धियों को किस तरह सरल भाषा और युवाओं की पसंद के माध्यमों के जरिए देशभर में पहुंचाया जाए. इसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और ग्राउंड लेवल कार्यक्रमों को खास महत्व दिए जाने की संभावना है.

‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी बीजेपी

बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े ने संगठनात्मक बैठक के बाद बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के 25 साल 7 अक्टूबर 2026 को पूरे हो रहे हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी देशभर में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की तैयारी कर रही है.

तावड़े के मुताबिक, बीजेपी हर साल प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के आसपास ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती है. इस बार मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 साल पूरे होने के संदर्भ को जोड़ते हुए इसे व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का रूप दिया जाएगा.

इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं को सिर्फ कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच जाकर सेवा से जुड़े काम करने के लिए प्रेरित किया जाएगा.

आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचेगी बीजेपी

‘सेवा संकल्प अभियान’ में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है. तावड़े ने कहा कि देशभर की 14 लाख से ज्यादा आंगनवाड़ियों में काम करने वाली महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने की योजना है.

बीजेपी का कहना है कि सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति और छोटे बच्चों तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका है. बच्चों के पोषण और शुरुआती देखभाल से जुड़े काम में उनका योगदान महत्वपूर्ण है. इसलिए अभियान के दौरान ‘आंगनवाड़ी सम्मान’ और ‘मातृ सम्मान’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थानीय स्तर पर आंगनवाड़ी सेविकाओं से संपर्क करने और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए कहा जाएगा.

चलाएगी ‘सेवा में मेरा योगदान’ अभियान

बीजेपी के इस अभियान का एक खास हिस्सा युवाओं को जोड़ना भी होगा. पार्टी ‘सेवा में मेरा योगदान’ नाम से एक पहल चलाने की तैयारी में है. इसके तहत युवाओं और आम लोगों से अपने स्तर पर सेवा से जुड़े काम करने और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की जाएगी.

विनोद तावड़े ने इसके उदाहरण के तौर पर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और टीबी उन्मूलन से जुड़े कामों का उल्लेख किया. मसलन, किसी गांव या इलाके में टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें सरकारी टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जोड़ना भी सेवा के योगदान के तौर पर दिखाया जा सकता है.

पार्टी की योजना है कि युवाओं को ऐसे कार्यों की रील और डिजिटल कंटेंट बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए. इसके बाद जिला और प्रदेश स्तर पर इन गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा.

संगठन को भी मजबूत करने पर जोर

बीजेपी की नई टीम के गठन के बाद यह पहली बड़ी संगठनात्मक बैठक थी. इसमें राज्यों और प्रदेश इकाइयों की टीमों को भी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए. तावड़े के मुताबिक, प्रत्येक प्रदेश की सात-आठ सदस्यीय टीमों के साथ कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं.

पार्टी की कोशिश है कि केंद्र से लेकर बूथ और गांव स्तर तक संगठन की गतिविधियों में एकरूपता लाई जाए और केंद्र सरकार की योजनाओं तथा प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को ज्यादा प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जाए.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top