![]()
बोकारो जिले में आधार पंजीकरण व्यवस्था की समीक्षा में शिक्षा विभाग के बीआरसी स्तर पर उपलब्ध चार आधार केंद्र निष्क्रिय मिले हैं। इससे बच्चों के आधार पंजीकरण की व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। जिले में कुल 147 आधार केंद्र संचालित हैं। निष्क्रिय किट को जल्द चालू कराने और पंजीकरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता अपर समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी सुनील चन्द्र ने की। समीक्षा के दौरान डीपीओ, यूआईडी शैलेंद्र मिश्रा ने जिले में संचालित आधार केंद्रों की जानकारी दी। शिक्षा विभाग की ओर से चार आधार किट के निष्क्रिय होने की बात सामने आई। इस पर अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर किट जल्द सक्रिय कराने का निर्देश दिया। समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता ने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के आधार पंजीकरण के लिए विशेष शिविर लगाने पर जोर दिया। अपर समाहर्ता ने डीपीओ, यूआईडी को शिविरों का रोस्टर तैयार करने और पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कराने का निर्देश दिया। आधार केंद्रों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया। वीडियो संवाद में मौजूद यूआईडी के डीपीओ व अन्य।
Source link