Last Updated:
Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग में बड़कागांव के सिकरी गांव में आसमान से दक्षिण कोरियाई कंपनी WEATHEX का रेडियोसोंडे उपकरण गिरा. यह मौसम की जानकारी जुटाने वाला वैज्ञानिक उपकरण है जो बैलून के साथ छोड़ा जाता है. पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है और रांची मौसम केंद्र ने इसकी पुष्टि की है.
झारखंड के हजारीबाग में आसमान से गिरा मौसम उपकरण.(सांकेतिक फोटो-एआई)
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव में उस समय ग्रामीणों के बीच हलचल मच गई. जब आसमान से एक अजीबोगरीब वैज्ञानिक उपकरण जमीन पर गिरा मिला. बड़कागांव के सिकरी गांव में सहदेव राम के घर के पास फटे हुए बैलून के साथ यह उपकरण मिला. इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उपकरण समेत अन्य सामान को जब्त कर लिया. शुरुआत में ग्रामीण इस उपकरण को देखकर हैरान रह गए. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि यह मौसम की जानकारी जुटाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला रेडियोसोंडे उपकरण है. इसकी पहचान दक्षिण कोरिया की WEATHEX कंपनी के WxR-301D रेडियोसोंडे के रूप में हुई है.
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने की पुष्टि
मामले की जानकारी मिलने के बाद मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने भी उपकरण की पहचान की पुष्टि की. मौसम विभाग के अनुसार यह मौसम संबंधी आंकड़े जुटाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला वैज्ञानिक उपकरण है. इसे मौसम मापक बैलून के साथ वायुमंडल में छोड़ा जाता है.
13 किलोमीटर की ऊंचाई तक करता है काम
रेडियोसोंडे मौसम विज्ञान में इस्तेमाल होने वाला एक विशेष उपकरण है. इसे हीलियम या हाइड्रोजन से भरे मौसम मापक गुब्बारे के साथ आसमान में छोड़ा जाता है. यह वायुमंडल में ऊपर जाते हुए तापमान, हवा का दबाव, आर्द्रता और हवा की गति व दिशा से संबंधित आंकड़े जुटाता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह उपकरण करीब 13 किलोमीटर की ऊंचाई तक काम करता है. लगभग 500 किलोमीटर के दायरे में मौसम संबंधी आंकड़े जुटाने में सक्षम है. मौसम वैज्ञानिक इन आंकड़ों का इस्तेमाल मौसम का पूर्वानुमान तैयार करने और वायुमंडलीय परिस्थितियों को समझने में करते हैं.
पुलिस ने उपकरण को किया जब्त
सिकरी गांव में उपकरण मिलने की सूचना पर सिकरी ओपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अपने कब्जे में ले लिया. मौसम विज्ञान केंद्र रांची की पुष्टि के बाद स्पष्ट हुआ कि यह मौसम विभाग से संबंधित वैज्ञानिक उपकरण है. इसके आसमान से गिरने की घटना ने कुछ समय के लिए इलाके में कौतूहल पैदा कर दिया था.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …