पीवी रमना कुमार, हैदराबाद: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की जिंदगी और उनके राजनीतिक सफर को अब रुपहले पर्दे पर उतारने की तैयारी की जा रही है. तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) ने सोनिया गांधी पर एक तेलुगु बायोपिक (जीवनी पर आधारित फिल्म) बनाने का बड़ा ऐलान किया है. टीपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष टी जग्गा रेड्डी ने बुधवार को घोषणा की कि यह फिल्म सोनिया गांधी द्वारा लिखी गई उनकी नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ पर आधारित होगी. फिल्म के जरिए सोनिया गांधी के जीवन के हर पहलू को जनता के सामने पेश किया जाएगा.
कार्यकर्ताओं के चंदे से बनेगी फिल्म, एक नेता ने दिए 2 करोड़
टी जग्गा रेड्डी ने संगारेड्डी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए यह प्रस्ताव रखा. उन्होंने कहा कि संगारेड्डी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलकर इस फिल्म का निर्माण करना चाहिए. इस प्रस्ताव का तुरंत असर भी दिखा. संगारेड्डी कांग्रेस निर्वाचन क्षेत्र के संयोजक जूलकांति आंजनेयुलु ने फिल्म के निर्माण के लिए अपनी तरफ से 2 करोड़ रुपये का भारी-भरकम योगदान देने का ऐलान भी कर दिया.
रेड्डी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, ‘पार्टी नेता और कार्यकर्ता चुनावों के दौरान पैसा खर्च करते हैं, है ना? उन्हें इस फिल्म के प्रोजेक्ट को भी उसी भावना से देखना चाहिए और योगदान देने के लिए आगे आना चाहिए. आइए हम मिलकर जरूरी बजट जुटाएं और फिल्म के लिए एक अच्छे निर्देशक की तलाश करें.’
50 सदस्यों की कमेटी करेगी देखरेख, सीएम करेंगे शूटिंग का उद्घाटन
जग्गा रेड्डी ने फिल्म के काम को आगे बढ़ाने के लिए 50 सदस्यों की एक विशेष कमेटी बनाने का सुझाव दिया. इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी गांधी भवन के पीआरओ हरि प्रसाद करेंगे. रेड्डी ने बताया कि जब फिल्म की तैयारियां पूरी हो जाएंगी, तो शूटिंग का उद्घाटन करने के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और टीपीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा. रेड्डी ने कार्यकर्ताओं को सोनिया गांधी की किताब की प्रतियां बांटने का भी प्रस्ताव रखा ताकि वे उनके जीवन को बेहतर तरीके से समझ सकें.
बायोपिक में सोनिया गांधी की जिंदगी के कौन से हिस्से दिखाए जाएंगे?
इस फिल्म में सोनिया गांधी के जीवन के अलग-अलग चरणों को बड़ी बारीकी से पर्दे पर उतारा जाएगा. इसमें उनके पारिवारिक बैकग्राउंड से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ उनकी शादी तक का सफर होगा. फिल्म में उनके राजनीतिक सफर और कांग्रेस पार्टी में उनकी अहम भूमिका को दिखाया जाएगा. सबसे भावुक पलों के रूप में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद की त्रासदियों को दर्शाया जाएगा. इसके साथ ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की परवरिश के दौरान उनके सामने आई चुनौतियों और सक्रिय राजनीति में उनकी एंट्री को भी फिल्म में जगह मिलेगी.
‘प्रधानमंत्री पद ठुकराना भारतीय राजनीति का अहम अध्याय’
जग्गा रेड्डी ने सोनिया गांधी के त्याग को याद करते हुए कहा, ‘जब कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए (UPA) सत्ता में आई, तो उनके पास प्रधानमंत्री बनने का मौका था, लेकिन उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह को इस पद के लिए चुना. प्रधानमंत्री बनने का अवसर छोड़ देने का उनका फैसला भारतीय राजनीतिक इतिहास में एक बहुत ही महत्वपूर्ण अध्याय बना रहेगा.’ उन्होंने कहा कि सोनिया कभी भी शीर्ष पद पाने की महत्वाकांक्षा से प्रेरित नहीं रहीं और उनके इसी सफर को इस फिल्म के जरिए लोगों तक पहुंचाना जरूरी है.