![]()
सरायकेला का मामला…पोस्टमार्टम में कलेजा, लीवर और सांस नली गायब, गांव से बाहर चल रही हॉकी प्रतियोगिता में हड़िया बेचने गई थी 47 वर्षीय विश्वासी सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के जंबरो गांव में 47 वर्षीय आदिवासी महिला विश्वासी सोय की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद उसके शरीर के कई अंग काट लिए गए और उन्हें कड़ाही में पकाने की कोशिश की गई। पोस्टमार्टम में महिला का कलेजा, लीवर का कुछ हिस्सा, हाथ-पैर के मांस और पूरी सांस नली गायब मिली। घटना 10 नवंबर की रात की है। ग्रामीणों ने आरोपी पैलुस मुंडा (54) को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, गांव से बाहर गाड़ीखेड़ा टोला के मैदान में हॉकी प्रतियोगिता चल रही थी। विश्वासी वहां हड़िया बेच रही थी। इसी दौरान गांव का पैलुस मुंडा वहां पहुंचा और हड़िया पी। आरोप है कि इसके बाद वह महिला को जबरन अपने साथ घर ले गया। देर रात तक पत्नी के घर नहीं लौटने पर पति निर्मल सोय उसकी तलाश करने निकला। रात करीब 12 बजे घर के पास ही महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। पति का आरोप- आरोपी ने काटे अंग को पकाने की कोशिश की मृतका के पति ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद आरोपी ने महिला के शरीर के कुछ अंग और प्राइवेट पार्ट काटकर पकाने की कोशिश की। सदर अस्पताल सरायकेला में पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. खेलाराम मुर्मू ने बताया कि जांच में कलेजा, लीवर का कुछ हिस्सा, हाथ-पैर के मांस और पूरी सांस नली गायब मिली। बताया जाता है कि आरोपी मृतका का चचेरा जेठ है। थाना प्रभारी रवींद्र सिंह मुंडा ने बताया कि दलभंगा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है। शरीर के कुछ हिस्सों के मांस को कड़ाही में रखकर पकाने की कोशिश किए जाने की भी जांच की जा रही है।
Source link