Last Updated:
कैंसर के इलाज के बाद प्रिंसेस केट मिडलटन एक बार फिर बड़े विदेशी दौरे पर निकलने वाली हैं. पति प्रिंस विलियम के साथ वह भारत आ रही हैं. मुंबई में होने वाले इस खास कार्यक्रम में बॉलीवुड सितारों समेत कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी. करीब 10 साल बाद शाही जोड़ा भारत लौट रहा है.
भारत आएंगी प्रिंसेस केट, विलियम भी साथ
ब्रिटेन के शाही परिवार से एक बड़ी खबर सामने आई है. प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन अपने पति प्रिंस विलियम के साथ भारत आने वाली हैं. दोनों मुंबई में होने वाले अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड समारोह में हिस्सा लेंगे. तीन दिन का यह दौरा केट के लिए बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि कैंसर के इलाज के बाद यह उनका सबसे बड़ा विदेशी दौरा होगा.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिंस विलियम और केट इस हफ्ते मुंबई पहुंचेंगे. मंगलवार को होने वाले अर्थशॉट प्राइज समारोह में दोनों शामिल होंगे. इस दौरान वे भारतीय क्रिकेट, सिनेमा और फैशन से जुड़े कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे.
कैंसर के इलाज के बाद पहली बड़ी विदेश यात्रा
केट मिडलटन ने जनवरी 2024 में बताया था कि उन्हें कैंसर है और उनका इलाज चल रहा है. इसके बाद उन्होंने प्रिवेंटिव कीमोथेरेपी कराई थी. हालांकि, उन्होंने कैंसर के प्रकार का खुलासा नहीं किया था. साल 2025 में केट ने बताया कि उनका कैंसर अब रिमिशन में है. इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे शाही परिवार की जिम्मेदारियां संभालनी शुरू कर दीं.
ऐसे में भारत का यह दौरा उनके लिए एक अहम पड़ाव माना जा रहा है. इससे पहले केट और विलियम साल 2016 में एक साथ भारत आए थे. दोनों का आखिरी आधिकारिक विदेशी दौरा 2022 में अमेरिका के बोस्टन का था.
क्या है अर्थशॉट प्राइज?
प्रिंस विलियम ने साल 2020 में अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत की थी. इसका मकसद पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी समस्याओं का समाधान खोजने वाले लोगों और संगठनों को बढ़ावा देना है. इस पुरस्कार के तहत हर साल पांच विजेताओं को उनके प्रोजेक्ट के लिए 10 लाख पाउंड यानी करीब 1.3 मिलियन डॉलर दिए जाते हैं.
आलिया भट्ट समेत कई सितारे होंगे शामिल
मुंबई में होने वाले इस समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट, अभिनेता रामी मालेक और ब्रिटिश पॉप ग्रुप टेक दैट भी शामिल होंगे. इस दौरान पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नए विचारों और समाधानों पर चर्चा होगी.
About the Author
Harshita Patel is working with News18 Hindi (hindi.news18.com) Central Desk since 2025. She has a good understanding of national, international, and local news, along with current affairs, gold rates, and resea…