सिटी रिपोर्टर | बोकारो झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को नगर निगम की ओर से स्वच्छता मैराथन रन फॉर क्लीनलीनेस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को महापौर भोलू पासवान की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें विभाग से प्राप्त निर्देशों के आलोक में स्वच्छता मैराथन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्वच्छता मैराथन की शुरुआत अमृत पार्क, फेज-5 से होगी। यहां से प्रतिभागी दौड़ लगाते हुए सुभाष चौक मोड़ स्थित स्मारक तक पहुंचेंगे। इस आयोजन में नगर निगम और जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होंगे। मैराथन के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ शहर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। नगर निगम की इस पहल के जरिए राज्य स्थापना दिवस को स्वच्छता के संकल्प के साथ मनाने की तैयारी है। अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता से लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि स्वच्छ शहर बनाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है।
Source link