भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

2000 रुपये के लिए रिश्तों का कत्ल! चांदी के गहने दिलाने दादी...


कर्नाटक के बेलगावी में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां ‘गृह लक्ष्मी’ योजना के पैसों को लेकर पोते ने 78 वर्षीय दादी की हत्या कर दी. पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि बेलगावी जिले के हुक्केरी तालुक के अरालिकट्टी गांव में यह घटना सामने आई है. हत्या की वजह कर्नाटक सरकार की ‘गृह लक्ष्मी’ योजना के तहत महिला को मिलने वाली रकम बताई जा रही है. मृतक महिला की पहचान हम्माव्वा सनादी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पोता भीमप्पा सनादी है. यमकानामारडी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

पुलिस के अनुसार, भीमप्पा अपनी दादी पर ‘गृह लक्ष्मी’ योजना से मिलने वाले पैसे देने के लिए दबाव डाल रहा था और उन्हें परेशान कर रहा था. 15 नवंबर को हम्माव्वा का शव हिदकल बांध के बैकवाटर (जलाशय) में मिला. शव को एक बोरे में भरकर उसमें पत्थर डाल दिया गया था, ताकि वह पानी में डूब जाए.

यह मामला तब सामने आया जब 10 नवंबर को बुजुर्ग महिला लापता हो गईं. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अपनी दादी को चांदी के गहने दिलाने के बहाने मोटरसाइकिल पर ले गया था. वह उन्हें कुंदरागी सोसाइटी ले गया, जहां उसने उनसे पैसे निकलवाए.

2300 रुपये के लिए दादी की हत्या

इसके बाद, वह उन्हें गावी सिद्धेश्वर पहाड़ी पर ले गया, जहां उसने कथित तौर पर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी. हत्या के बाद, उसने महिला के पास मौजूद 2,300 रुपये नकद और सोने की चेन ले ली. इसके बाद आरोपी ने शव को एक बोरे में भरा, उसमें पत्थर रखा और उसे अपनी मोटरसाइकिल पर करीब 15 किलोमीटर दूर ले जाकर हिदकल बांध के बैकवाटर में फेंक दिया.

अपनी संलिप्तता छिपाने के लिए, शव को ठिकाने लगाने के बाद भीमप्पा ने ऐसा नाटक किया जैसे वह अपनी दादी को ढूंढ रहा हो. उसने अपने पिता रामाप्पा सनादी को बताया कि हम्माव्वा लापता हैं. दो दिन बाद, रामाप्पा ने अपनी बहन को अपनी मां के लापता होने की जानकारी दी. बाद में, आरोपी ने ही अपने पिता को बताया कि उसे बैकवाटर में एक शव दिखा है.

क्या अपने पिता को बताई थी कत्ल की बात?

रामाप्पा अपने बेटे के साथ बैकवाटर गया और वहां से शव को बाहर निकाला. इसके बाद यह मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया. पुलिस इस बात की भी पुष्टि कर रही है कि क्या आरोपी ने अपने पिता के सामने अपना अपराध कबूल किया था.

पूछताछ के दौरान, भीमप्पा ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपनी दादी की हत्या इसलिए कर दी क्योंकि उन्हें ‘गृह लक्ष्मी’ योजना के तहत पैसे मिले थे. पुलिस हत्या से जुड़ी परिस्थितियों और अपराध से पहले व बाद में आरोपी की गतिविधियों की जांच कर रही है. इस घटना के बारे में अभी और जानकारी सामने आनी बाकी है.

बता दें कि ‘गृह लक्ष्मी’ योजना कर्नाटक सरकार का एक प्रमुख कल्याणकारी कार्यक्रम है, जिसे अगस्त 2023 में शुरू किया गया था. इस योजना के तहत, परिवारों की पात्र महिला मुखियाओं को उनके बैंक खातों में हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि वे घर के खर्चों में मदद कर सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top