भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

रंगोली में साकार हुए महाप्रभु, पंचक स्नान के साथ जीवंत हुई सांस्कृतिक...



भास्कर न्यूज | सरायकेला कहीं नदी की लहरों पर तैरती आस्था, कहीं रंगोली में साकार होते महाप्रभु जगन्नाथ, कहीं भक्ति के सुरों पर थिरकते श्रद्धा से भरे कदम… कार्तिक की पवित्र भोर में खरकाई नदी का तट इन दिनों किसी अलौकिक आध्यात्मिक लोक का दृश्य प्रस्तुत कर रहा है। सूरज की पहली किरण धरती पर उतरने से पहले ही सैकड़ों महिलाएं स्नान, दीपदान, बालुका पूजा के लिए घाटों पर पहुंच रही हैं। यह केवल पांच दिनों का धार्मिक अनुष्ठान नहीं है। यह ओडिशा की उस सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उत्सव है। इसकी जड़ें सरायकेला की लोकआस्था में भी गहराई तक समाई हुई हैं। गुरुवार से सरायकेला में पंचक स्नान की शुरुआत हो गई है। नगर की महिलाओं ने खरकाई नदी के विभिन्न घाटों पर सूर्योदय से पूर्व पवित्र स्नान किया। उन्होंने पारंपरिक बालुका पूजा की। माजना घाट स्थित शिव मंदिर परिसर में बालू से निर्मित पूजा-स्थल पर रंगोली के माध्यम से भगवान श्रीजगन्नाथ का मनोहारी स्वरूप उकेरा गया। यहां भगवान जगन्नाथ के साथ उनकी “राई” की भी पूजा-अर्चना होती है। इस परंपरा की खासियत यह है कि साल के बारह महीनों में केवल कार्तिक मास के दौरान ही महाप्रभु जगन्नाथ के नाम के साथ “राई” का नाम जुड़ता है। इस एक महीने में दोनों की संयुक्त पूजा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। महिलाओं ने पूजा-अर्चना की। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। भजन-कीर्तन के बीच महिलाएं महाप्रभु के भक्ति गीतों पर झूमती, थिरकती नजर आईं। दरअसल, पूरे कार्तिक मास में सूर्योदय से पूर्व स्नान और बालुका पूजा की परंपरा यहां लंबे समय से चली आ रही है। इसका विशेष धार्मिक महत्व पंचक के अंतिम पांच दिनों में दिखाई देता है। यह परंपरा ओडिशा की धार्मिक संस्कृति से गहरे जुड़ी है। सरायकेला का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ता भी ओडिशा से रहा है। इसी कारण यहां की लोकपरंपराओं में ओड़िया संस्कृति की विशिष्ट छाप आज भी दिखाई देती है। इस पांच दिवसीय धार्मिक परंपरा का समापन 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर होगा। इस दिन खरकाई नदी के तट पर ओडिशा का प्रसिद्ध “बोईतो बंदाणी” उत्सव मनाया जाएगा। सूर्योदय से पूर्व श्रद्धालु नदी में स्नान करेंगे। वे केले के तने से बनी छोटी-छोटी नौकाओं को जल में प्रवाहित करेंगे। यह अनुष्ठान ओडिशा के प्राचीन समुद्री व्यापार, साहसी नाविकों, दूर-दराज के देशों तक व्यापारिक यात्राओं की गौरवशाली स्मृतियों को समर्पित है। इस तरह खरकाई का तट एक बार फिर आस्था, इतिहास, परंपरा, सांस्कृतिक विरासत के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top