भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Gold Price Update : पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त, दुनियाभर के...


नई दिल्ली. सोने का भाव अपने रिकॉर्ड भाव से 60 हजार रुपये टूट चुका है, लेकिन पिक्चर अभी बाकी है. ज्यादातर एक्सपर्ट का यही दावा है कि आगे भी सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा. सोने और चांदी की कीमतें एक साल से अधिक के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद अगले सप्ताह भी गिरावट जारी रह सकती है. विश्लेषकों के मुताबिक, निवेशकों की नजर अमेरिका के महंगाई के अहम आंकड़ों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के संकेतों पर रहेगी, जिनसे ब्याज दरों की आगे की दिशा का पता चलेगा.

विश्लेषकों का कहना है कि प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) के शुरुआती आंकड़ों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी. इसके बाद अमेरिका के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), आवास क्षेत्र और टिकाऊ वस्तुओं के ऑर्डर से जुड़े आंकड़े जारी होंगे. महंगाई के आंकड़े भी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर उम्मीदें तय करने में अहम होंगे. इसका सीधा असर सोने की खुदरा कीमतों पर दिखेगा.

क्यों कमजोर बना हुआ है सोना
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा शोध) प्रणव मेर ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतों का परिदृश्य कमजोर बना हुआ है और इनमें गिरावट जारी रहने की आशंका है. निवेशक आने वाले आर्थिक आंकड़ों और ब्याज दरों की दिशा का आकलन कर रहे हैं, ऐसे में कीमतों में और गिरावट से इनकार नहीं किया जा सकता.

कहां पहुंचा सोने का भाव
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर में आपूर्ति वाले सोने का वायदा भाव पिछले सप्ताह 14,927 रुपये यानी 11 फीसदी टूटकर 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. यह सोने का एक साल से अधिक का निचला स्तर है. सोने का वायदा भाव इससे पहले 30 अक्टूबर, 2025 को इस स्तर के आसपास था, जब यह 1,21,508 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.

चांदी की चमक भी फीकी
दिसंबर में आपूर्ति वाली चांदी का वायदा भाव इससे भी अधिक 28,496 रुपये यानी 16.2 फीसदी गिरकर एक साल से अधिक के निचले स्तर पर आ गया. चांदी का भाव इससे पहले तीन नवंबर, 2025 को इस स्तर के आसपास 1,47,758 रुपये प्रति किलोग्राम था. एलकेपी सिक्योरिटीज में कमोडिटी एवं करेंसी के उपाध्यक्ष और शोध विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा कि एमसीएक्स पर सोने में पिछले सप्ताह भारी बिकवाली हुई और इसका भाव 11 फीसदी गिर गया. अंतरराष्ट्रीय और घरेलू सर्राफा बाजारों में मुनाफावसूली तेज होने से कीमतों में जारी गिरावट और बढ़ गई.

एक-दूसरे के विपरीत होंगे रुपया और सोना
उन्होंने कहा कि रुपये में मजबूती और वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में तेज गिरावट से भी कमजोरी बढ़ी. रुपये की मजबूती से आयातित सोने की लागत कम होती है, जिससे एमसीएक्स पर कीमतों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी बिकवाली का यही रुख रहा. कॉमेक्स पर सोने का वायदा भाव सप्ताह के दौरान 370.9 डॉलर यानी 9.5 फीसदी गिरकर 3,515.4 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. वहीं, चांदी 8.05 डॉलर यानी 16.4 फीसदी टूटकर 41.07 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई. मेर ने कहा कि पिछले सप्ताह सर्राफा बाजार में बिकवाली तेज हुई. सोना करीब 3,500 डॉलर और चांदी 41 डॉलर के स्तर तक गिर गई. दोनों धातुओं में साप्ताहिक आधार पर 10 से 15 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top