रांची3 घंटे पहलेलेखक: अमन मिश्रा
- कॉपी लिंक

70 वर्ष और इससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को सालाना 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा देने वाली आयुष्मान भारत योजना के तहत झारखंड में कार्ड बनाने की रफ्तार काफी धीमी है। राज्य में करीब 5.50 लाख से ज्यादा पात्र बुजुर्ग हैं, लेकिन अब तक सिर्फ 73,174 आयुष्मान कार्ड ही बनाए जा सके हैं। इस मामले में झारखंड देशभर में 19वें स्थान पर है।
इस योजना में उत्तर प्रदेश सबसे आगे हैं। वहां 33.35 लाख से अधिक बुजुर्गों के कार्ड बन चुके हैं। वहीं पड़ोसी राज्य बिहार में भी करीब 4.75 लाख कार्ड बने हैं। इस योजना की खास बात यह है कि 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी बुजुर्ग इसके पात्र है। इसके बावजूद झारखंड में बुजुर्ग इसके प्रति रुचि नहीं दिखा रहे हैं। जानकारों का कहना है कि चूंकि इस योजना का सही ढंग से प्रचार-प्रसार नहीं किया गया, इसलिए ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को इसकी जानकारी ही नहीं है।
शर्तें आसान, कोई शुल्क भी नहीं 70 वर्ष या इससे अधिक उम्र के सभी भारतीय नागरिक इस योजना के पात्र हैं। इसके लिए गरीबी रेखा, आय या सामाजिक-आर्थिक स्थिति की कोई शर्त नहीं है। पहले से किसी सरकारी स्वास्थ्य योजना का लाभ ले रहे बुजुर्ग भी इसका लाभ उठा सकते हैं। यानी बुजुर्ग चाहे कोई भी हो, वे इस योजना का लाभ ले सकते हैं। कार्ड बनवाने के लिए कोई शुल्क भी नहीं देना पड़ता। आधार आधारित ई-केवाईसी के जरिए इसका पंजीकरण होता है।
वह सबकुछ जो आपके लिए जानना जरूरी है
देश में झारखंड कहां
| रैंक | राज्य | कार्ड |
| 1 | उत्तरप्रदेश | 33,35,269 |
| 2 | मध्यप्रदेश | 16,37,783 |
| 3 | आंध्रप्रदेश | 13,93,123 |
| 4 | महाराष्ट्र | 12,20,374 |
| 5 | ओडिशा | 8,59,571 |
| 6 | गुजरात | 7,86,083 |
| 7 | केरल | 7,54,284 |
| 8 | छत्तीसगढ़ | 6,26,903 |
| 9 | राजस्थान | 5,13,086 |
| 10 | बिहार | 4,75,760 |
| 11 | प. बंगाल | 3,65,740 |
| 12 | दिल्ली | 3,22,121 |
| 13 | जम्मू कश्मीर | 2,84,445 |
| 14 | पंजाब | 2,75,483 |
| 15 | हरियाणा | 2,55,284 |
| 16 | तमिलनाडु | 2,43,893 |
| 17 | कर्नाटक | 2,38,819 |
| 18 | हिमाचल प्रदेश | 1,21,161 |
| 19 | झारखंड | 73,174 |
| 20 | त्रिपुरा | 58,078 |
| 21 | असम | 35,008 |
| 22 | उत्तराखंड | 34,382 |
| 23 | तेलंगाना | 31,822 |
| 24 | मणिपुर | 28,314 |
| 25 | गोवा | 20,243 |
| 26 | पुडुचेरी | 19,096 |
| 27 | चंडीगढ़ | 15,140 |
सालाना 5 लाख तक का कैशलेस इलाज योजना के तहत अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने पर सालाना 5 लाख रुपए तक का कैशलेस स्वास्थ्य कवर मिलता है। पहले से आयुष्मान योजना के दायरे में आने वाले परिवारों के 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को अपने लिए अलग से 5 लाख रुपए तक का अतिरिक्त कवर मिलता है। वहीं, नए परिवारों के पात्र बुजुर्गों के लिए 5 लाख रुपए तक का कवर परिवार के 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सदस्यों के बीच साझा होता है।
ऐसे बनवा सकते हैं आयुष्मान कार्ड 1. ऑनलाइन पोर्टल : beneficiary.nha.gov.in पर जाकर लाभार्थी के रूप में लॉगिन करें। 2. आयुष्मान एप : Ayushman App डाउनलोड कर वरिष्ठ नागरिकों के पंजीकरण का विकल्प चुनें। 3. आधार से सत्यापन : बुजुर्ग का आधार नंबर और जानकारी दर्ज कर ई-केवाईसी पूरी करें। 4. फोटो और जानकारी : मांगी गई जानकारी भरें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फोटो अपलोड करें। 5. कार्ड डाउनलोड : सत्यापन और स्वीकृति के बाद आयुष्मान वय वंदना कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है। (इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) और आयुष्मान योजना से संबद्ध अस्पताल में जाकर भी कार्ड बनवाया जा सकता है। सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 14555 पर संपर्क किया जा सकता है।)
