भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

75 साल की दोस्ती, अब भारत-जर्मनी पार्टनरशिप को नई उड़ान, पीएम मोदी...


भारत और जर्मनी के रिश्तों को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक और अहम पहल हुई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच मंगलवार को फोन पर बातचीत हुई. इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत जर्मनी साझेदारी पर बात हुई. इसके साथ ही व्यापार, निवेश, रक्षा और उन्नत तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के नए रास्तों पर चर्चा की. दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के मौके पर हुई यह बातचीत कई मायनों में अहम मानी जा रही है.

प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के बाद फेसबुक पर इसकी जानकारी साझा की. उन्होंने लिखा कि चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ सार्थक बातचीत हुई. दोनों नेताओं ने भारत जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में आ रही तेजी की समीक्षा की और व्यापार, निवेश, रक्षा तथा उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में नए अवसर तलाशने पर विचार किया.

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में लगातार हो रही प्रगति पर संतोष जताया. साथ ही रक्षा और उन्नत तकनीक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई.

भारत-EU ट्रेड डील से खुलेंगे व्यापार के नए रास्ते

इस बातचीत के दौरान भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर भी चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने माना कि यह समझौता भारत और जर्मनी के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के नए अवसर पैदा कर सकता है.

दरअसल, जर्मनी यूरोप की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और भारत के लिए यूरोपीय बाजार में एक अहम साझेदार है. ऐसे में भारत EU व्यापार समझौते से दोनों देशों की कंपनियों को कारोबार बढ़ाने और आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने में मदद मिल सकती है.

भारत में जर्मनी के राजदूत जैस्पर विएक ने भी 4 नवंबर को दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों को लेकर इसी तरह की उम्मीद जताई थी. उन्होंने कहा था कि भारत जर्मनी संबंध गहरे जुड़ाव के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं. व्यापार, निवेश, ऊर्जा और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है.

विएक के मुताबिक, भारत EU मुक्त व्यापार समझौता द्विपक्षीय व्यापार और निवेश साझेदारी के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है. इससे कई औद्योगिक उत्पादों और कुछ कृषि उत्पादों पर शुल्क कम होने की संभावना है. उन्होंने यह भी कहा था कि दोनों देशों के पास अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं को एकीकृत करने की काफी क्षमता है.

वैश्विक चुनौतियों पर भी हुई चर्चा

मोदी और मर्ज के बीच बातचीत सिर्फ व्यापार और तकनीक तक सीमित नहीं रही. दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए. उन्होंने मौजूदा वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग जारी रखने की जरूरत पर जोर दिया.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जर्मनी शांति, स्थिरता और नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे. दोनों देशों के बीच रक्षा और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी इसी व्यापक रणनीतिक साझेदारी का हिस्सा है.

75 साल के रिश्ते, अब साझेदारी को नई रफ्तार देने की तैयारी

भारत और जर्मनी इस साल अपने राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं. इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मनी को यूरोप के साथ भारत के संबंधों का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बताया था. उन्होंने जर्मनी को वैश्विक स्तर पर शांति, स्थिरता और समृद्धि को आगे बढ़ाने में भारत का प्रमुख साझेदार भी कहा था.

इससे पहले सितंबर में भी प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज के बीच फोन पर बातचीत हुई थी. तब दोनों नेताओं ने रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने पर सहमति जताई थी.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top