भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

हरियाली, ठंडी हवाएं और देसी स्वाद, जमशेदपुर का लुआबासा गांव बन रहा...


Last Updated:

Jamshedpur Best Place To Visit In Summer Evening: जमशेदपुर के पास घाटशिला रोड पर लुआबासा गांव है जिसे गर्मी का नया पिकनिक स्पॉट कह सकते हैं. यहां हरियाली, सनसेट व्यू मिलकर ऐसा नजारा बनाते हैं कि नजरें टिक जाती हैं. यहां खाने-पीने की भी अच्छी व्यवस्था है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. इन दिनों मौसम लगातार गर्म होता जा रहा है. तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से लोग दिनभर घरों में रहने को मजबूर हैं. ऐसे में शाम होते ही हर कोई ऐसी जगह की तलाश में निकल पड़ता है, जहां थोड़ी ठंडी हवा मिले, छोटी-सी ड्राइव हो जाए और कुछ देर सुकून के साथ बैठकर प्रकृति का आनंद लिया जा सके. अगर आप भी जमशेदपुर के आसपास ऐसी ही किसी शांत और खूबसूरत जगह की तलाश में हैं, तो गोविंदपुर होते हुए घाटशिला रोड पर स्थित लुआबासा गांव आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है.

शहर से दूर, सुकून की जगह
जमशेदपुर से जैसे ही आप गोविंदपुर के रास्ते घाटशिला रोड की ओर बढ़ते हैं, वैसे ही शहर की भीड़भाड़ और शोर-शराबा पीछे छूटने लगता है. कुछ दूरी तय करने के बाद लुआबासा गांव का खूबसूरत नजारा लोगों का मन मोह लेता है. यहां चारों ओर हरियाली से ढके मैदान, पेड़-पौधे और प्राकृतिक सुंदरता देखने को मिलती है. खास बात यह है कि यहां आम, अमरूद और लीची के पेड़ बड़ी संख्या में मौजूद हैं, जो इस जगह को और भी आकर्षक बना देते हैं.

परिवार या दोस्तों के संग बिताएं शाम
शाम के समय यहां का वातावरण बिल्कुल बदल जाता है. ठंडी हवाएं और डूबते सूरज का खूबसूरत दृश्य लोगों को अपनी ओर खींचता है. खासकर सनसेट के समय आसमान का रंग और हरियाली का मेल ऐसा दृश्य बनाता है, जिसे देखकर लोग घंटों वहीं बैठना पसंद करते हैं. रोड के बिल्कुल किनारे स्थित यह स्पॉट लोगों के लिए काफी सुविधाजनक भी है. यहां लोग अपनी बाइक या कार से आसानी से पहुंच सकते हैं और परिवार या दोस्तों के साथ आराम से समय बिता सकते हैं.

इस जगह की सबसे अच्छी बात इसका शांत और पारिवारिक माहौल है. गांव से सटी होने की वजह से यहां सुरक्षा को लेकर भी लोग खुद को काफी सहज महसूस करते हैं. शाम के समय परिवार, युवा और बच्चे यहां घूमते और प्रकृति का आनंद लेते नजर आते हैं.

खाने का भी तमाम सामान
अगर खाने-पीने की बात करें तो यहां आसपास ग्रामीण स्वाद का भी भरपूर आनंद मिलता है. सड़क किनारे कई छोटे-छोटे स्टॉल और दुकानें लगी रहती हैं, जहां झालमुड़ी, चना मसाला, धुस्का, गुलगुला, समोसा, जलेबी और पकौड़ी जैसी कई स्वादिष्ट चीजें मिलती हैं. गांव के स्वाद और ताजगी से भरे ये व्यंजन लोगों की शाम को और भी खास बना देते हैं.

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग कुछ पल सुकून और प्रकृति के बीच बिताना चाहते हैं. ऐसे में लुआबासा गांव उन लोगों के लिए एक शानदार जगह बनता जा रहा है, जहां कम खर्च में बेहतरीन नजारा, ठंडी हवा और ग्रामीण स्वाद का आनंद एक साथ मिल जाता है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top