- Hindi News
- Local
- Jharkhand
- Ranchi
- Only Seven Drains Have Been Built, Work Is Underway On 19, And Only Work Orders Have Been Issued For 13, Leading To Waterlogging During The Rains.
रांची23 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिछले दिनों नगर विकास विभाग की समीक्षा करते हुए राजधानी रांची की व्यवस्था को बेहतर बनाने का विशेष निर्देश दिया है। मानसून को देखते हुए जल जमाव वाले क्षेत्र को चिन्हित करते हुए तत्काल ठोस कदम उठाने के लिए कहा है,ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी नहीं हो।
सीएम का निर्देश मिलने के बाद नगर निगम के अफसर रेस हुए हैं,लेकिन काम की रफ्तार इतनी धीमी है कि इस मानसून भी शहर के दर्जनों मुहल्लों को डूबने से नहीं बचाया जा सकता। निगम के अधिकारियों ने दावा किया है कि जल जमाव दूर करने के लिए 7.23 करोड़ रुपए की लागत से कुल 38 नालियों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि सड़क पर जल जमाव की स्थिति न बने। दैनिक भास्कर ने जब इसकी पड़ताल की तो चौंकाने वाली बात सामने आई। 38 नालियों में अभी तक मात्र 7 नालियों का ही निर्माण पूरा हुआ है। 19 नालियां ऐसी है जिसका निर्माण कार्य चल रहा है,लेकिन अगले एक या दो माह में पूरे होने की संभावना कम ही है। क्योंकि, ठेकेदारों को बालू की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। निगम से समय पर पेमेंट भी नहीं मिल रहा है। वहीं, 13 नालियां ऐसी है जिसका अभी तक सिर्फ वर्क ऑर्डर ही जारी किया गया है। ऐसे में इन नालियों का निर्माण अब बरसात बाद ही होगा। क्योंकि, मानसून में निर्माण कार्य शुरू करने से ठेकेदार को काफी नुकसान होगा।
शहर के विभिन्न वार्डों में नालियों के निर्माण की धीमी रफ्तार का खामियाजा इस बार मानसून में शहर के लोगों को ही भुगतना पड़ेगा। पिछले साल भी शहर के कई इलाके बारिश में जलजमाव का शिकार हुए थे। अशोकनगर जैसी कॉलोनियों में पानी भर गया था।
यहां नाला अधूरा, बरसात में होगी परेशानी
शहर के 19 वार्डों में करीब 4.70 करोड़ रुपए की लागत से नाले का निर्माण चल रहा है, जो अधूरा है। तेतर टोली कॉलोनी, इंदिरा नगर, रिवर व्यू कॉलोनी, कृष्णापुरी, चोरैया टोली, कैलाश नगर, शांति विहार, लोहरा कोचा, सांई विहार कॉलोनी, दिव्यायन तालाब, दीनदयाल नगर व जोरार नामकुम में नाले का निर्माण कार्य काफी धीमा है। इस से इन क्षेत्रों में हल्की बारिश होने पर भी सड़क पर जल जमाव की स्थिति बन जाती है। नाली नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी बच्चों व महिलाओं को होती है। लोगों का कहना है कि इस बार हाल नहीं सुधरा तो भारी परेशानी होगी।
1.14 करोड़ रुपए की लागत से सात नालों का निर्माण हुआ
अभी तक करीब 1.14 करोड़ की लागत से मात्र सात नालों का निर्माण पूरा हुआ है। इसमें वार्ड-40 में सीडी टाइप, बी-टाइप क्वार्टर के पास आरसीसी नाला, वार्ड-52 में शिव मंदिर मार्ग पर नाला , वार्ड-4 में मंडा बगीचा-कुसुम विहार क्षेत्र में नाला, और वार्ड-6 के बरियातू क्षेत्र में तुलसी अपार्टमेंट से मोरगा मैदान और मेडिका हॉस्पिटल मोड़ से तुलसी अपार्टमेंट तक नाले का निर्माण हो गया है।
नामकुम के जोरार में नाली जाम
फोटो जोरार नामकुम का है। वार्ड नंबर 47 के नामकुम जोरार स्थित सांई नगर में नाली बनाने के लिए टेंडर किया गया है,लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं किया गया। इस क्षेत्र के लोग पिछले दो साल से जल जमाव से परेशान हैं। इस मानसून भी नाली का निर्माण होना संभव नहीं है।
