भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Aaj Ka Mausam Live | Today Weather Live | 60KM की रफ्तार...


Aaj Ka Mausam Live Updates: मई का करीब आधा महीना गुजर चुका है और देशभर के ज्यादातर हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. ऐसे में लोग अब बारिश का बेसब्री का इंतजार कर रहे हैं.इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने खुश करने वाली खबर दी है. एक तरफ उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय है, तो दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रही मौसमी प्रणालियां मानसून की दस्तक का संकेत देने लगी हैं. आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार 12 मई को देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा, जबकि राजस्थान, गुजरात और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा.

आईएमडी ने बताया है कि दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर परिस्थितियां दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल होती जा रही हैं. वहीं श्रीलंका के उत्तरी तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों में और मजबूत हो सकता है. इसी सिस्टम के कारण दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है.

  • पूर्वी भारत की बात करें तो बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मौसम अचानक बदल सकता है. बिहार में 12 मई को गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. झारखंड और ओडिशा में भी बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश का दौर बना रह सकता है.
  • उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम करवट ले रहा है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. पहाड़ी राज्यों में तेज हवाएं और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है. राजस्थान के कई इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है.

हालांकि बारिश और आंधी के बीच देश के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप भी जारी रहेगा. राजस्थान, गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में लू चलने की चेतावनी दी गई है. पश्चिम राजस्थान और कच्छ-सौराष्ट्र क्षेत्र में गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. मौसम विभाग ने राजस्थान में गर्म रातों (Warm Night Conditions) का भी अलर्ट जारी किया है, यानी रात के समय भी तापमान सामान्य से काफी अधिक रहेगा.

दिल्ली में राहत लाएगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में 12 मई को मौसम कुछ राहत भरा रह सकता है. आईएमडी के अनुसार राजधानी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है.

दिल्ली में सुबह और शाम के समय बादल छाए रहने की संभावना है. हालांकि इसके बाद 13 मई से तापमान फिर धीरे-धीरे बढ़ना शुरू होगा और अगले सप्ताह गर्मी दोबारा परेशान कर सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.

यूपी और उत्तराखंड में झमाझम बारिश

उत्तर प्रदेश में 12 और 13 मई को मौसम तेजी से बदल सकता है. पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. खासतौर पर पूर्वी यूपी में बिजली गिरने और आंधी का खतरा ज्यादा रहेगा. कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

उत्तराखंड में पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चमोली जैसे जिलों में मौसम खराब रह सकता है. तेज हवाओं और बारिश के कारण पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने पर्यटकों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

बिहार और झारखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश

बिहार में 12 मई को मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में तेज गर्जना के साथ बिजली गिर सकती है. मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है.

झारखंड में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहेगा. रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कई जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचें.

अन्य राज्यों का हाल

दक्षिण भारत में भी मौसम काफी सक्रिय बना हुआ है. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है. केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है. वहीं महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

देश के पूर्वोत्तर राज्यों में 12 मई को मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने वाला है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर तेज बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश हो सकती है.

कुल मिलाकर 12 मई का मौसम देशभर में काफी उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है. कहीं बारिश और आंधी राहत देगी तो कहीं लू और उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है.

IMD के पूर्वानुमान की खास बातें…

क्या देश में मानसून की शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं?
हां. आईएमडी के मुताबिक दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में परिस्थितियां दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हो रही हैं.

किन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है?
असम, मेघालय, सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली-एनसीआर का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में हल्की बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना है. हवा की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

क्या दिल्ली में गर्मी से राहत मिलेगी?
अगले 2-3 दिनों तक तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट हो सकती है, जिससे हल्की राहत मिलने के आसार हैं.

किन राज्यों में लू का खतरा बना हुआ है?
राजस्थान, गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में हीटवेव चलने की संभावना है.

क्या किसानों और यात्रियों के लिए कोई सलाह जारी हुई है?
हां. मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले इलाकों से दूर रहने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top