नई दिल्ली (Chhath Puja School Holiday). दिवाली की चमक फीकी पड़ने से पहले ही आस्था और सूर्य उपासना के महान पर्व ‘छठ’ की धूम मच जाती है. 4 दिनों के इस महापर्व का हर दिन खास होता है- चाहे नहाय-खाय हो, खरना हो, डूबते सूर्य को अर्घ्य देना हो या फिर उगते सूरज को जल अर्पित करना हो. बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अब देश की राजधानी दिल्ली और अन्य महानगरों में भी छठ पूजा बेहद भव्य तरीके से मनाई जाती है. इस अवसर पर कई राज्यों में स्कूल बंद रहते हैं.
हर कोई लोक आस्था के इस महापर्व की पवित्रता और दिव्यता में सराबोर नजर आता है. इस बड़े त्योहार को परिवार के साथ मनाने के लिए कई राज्य सरकारों ने खास इंतजाम किए हैं. बच्चों की सहूलियत और त्योहार का उल्लास देखते हुए कई जगहों पर स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है. अगर आप भी सोमवार, 16 नवंबर 2026 को छठ पूजा की छुट्टी को लेकर असमंजस में हैं तो आज इस कंफ्यूजन को दूर कर लीजिए. जानिए छठ पूजा 2026 के अवसर पर 16 नवंबर 2026 को
कहां-कहां स्कूल बंद हैं.
छठ पूजा पर मिला लॉन्ग वीकेंड
त्योहारों के सीजन में बच्चों की पढ़ाई और छुट्टियों का तालमेल बिठाना किसी चुनौती से कम नहीं होता है. पिछले कुछ दिनों से प्रदूषण और त्योहारों के चलते कई राज्यों में स्कूल बंद हैं. 16 नवंबर को छठ महापर्व का समापन (उगाते सूर्य को अर्घ्य) होगा. इस दिन कई राज्यों में प्रशासनिक स्तर पर अवकाश घोषित किया गया है.
दिल्ली और बिहार में बच्चों को लॉन्ग वीकेंड मिल गया है. इससे परिवार के साथ त्योहार मनाने का पूरा मौका है. जानिए 16 नवंबर को कहां-कहां स्कूल बंद रहेंगे.
बिहार: 4 दिन की लंबी छुट्टी, अब इस दिन खुलेंगे स्कूल
बिहार में छठ का त्योहार किसी राष्ट्रीय पर्व से कम नहीं माना जाता है. यहां राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के नियमों के तहत छठ महापर्व के दौरान स्कूल बंद रहते हैं.
बिहार के ज्यादातर स्कूलों में 13 नवंबर (शुक्रवार) से ही छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं. बीच में शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश आ गया और अब 16 नवंबर को मुख्य पर्व होने के कारण शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे. इस हिसाब से स्टूडेंट्स के लिए स्कूल सीधे मंगलवार, 17 नवंबर को खुलेंगे.
दिल्ली: 16 नवंबर को रहेगी सरकारी छुट्टी
राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच छठ पर्व पर विशेष राहत दी गई है. दिल्ली सरकार की तरफ से 16 नवंबर यानी सोमवार को छठ पूजा के अवसर पर आधिकारिक अवकाश घोषित किया गया है. इस दिन दिल्ली के सभी सरकारी ऑफिस के साथ-साथ स्कूल और शिक्षण संस्थान भी बंद रहेंगे. वैसे भी प्रदूषण के चलते 13 नवंबर से ही स्कूल हाइब्रिड या ऑनलाइन मोड में चल रहे हैं और आगे वीकेंड भी है. इसलिए दिल्ली के बच्चों को लगातार 4 दिनों की छुट्टी का फायदा मिल रहा है.
उत्तर प्रदेश: मिला-जुला असर, डीएम के आदेश पर टिकीं नजरें
उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर को लेकर स्थिति थोड़ी अलग है. शैक्षणिक कैलेंडर में इस दिन को कई जगहों पर ‘रिस्ट्रिक्टेड हॉलिडे’ (प्रतिबंधित अवकाश) की श्रेणी में रखा गया है. स्टूडेंट्स चाहें तो अपनी इच्छा से छुट्टी ले सकते हैं. हालांकि, पूर्वांचल के जिलों (गोरखपुर, वाराणसी, गाजीपुर,
बलिया और लखनऊ) के कुछ इलाकों में छठ का विशेष उत्सव होता है. वहां स्थानीय जिला प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश या समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं. पेरेंट्स को स्कूल का लोकल नोटिस चेक करने की सलाह दी जाती है.
अन्य राज्य: कहां स्कूल खुलेंगे और कहां रहेंगे बंद?
यूपी, बिहार, दिल्ली, झारखंड के अलावा अधिकतर राज्यों में 16 नवंबर से स्कूल सामान्य रूप से खुलने जा रहे हैं. उदाहरण के लिए, राजस्थान,
महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से चल रहा मिड-टर्म ब्रेक या त्योहारी अवकाश अब खत्म हो चुका है. इन राज्यों में सोमवार (16 नवंबर 2026) से बच्चे वापस अपनी रेगुलर क्लास में लौटेंगे. वहीं दक्षिण भारत और पश्चिम बंगाल के ज्यादातर हिस्सों में भी नियमित रूप से पढ़ाई शुरू हो जाएगी.