भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Elephant Safety Tips: अचानक सामने आ जाए हाथी तो क्या करें? पलामू...


Last Updated:

Palamu Tiger Reserve Elephant Safety Tips: पलामू टाइगर रिजर्व और बेतला नेशनल पार्क में हाथियों की गतिविधि बढ़ रही है. अचानक हाथी सामने आने पर घबराएं नहीं, हॉर्न न बजाएं, शोर न मचाएं और कम से कम 100 मीटर की सुरक्षित दूरी बनाए रखें. वाहन रोककर उन्हें शांति से जाने दें और वन विभाग के निर्देशों का पालन करें.

ख़बरें फटाफट

Palamu Tiger Reserve: झारखण्ड का पलामू टाइगर रिजर्व और बेतला नेशनल पार्क क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं. जंगल से गुजरने वाले स्टेट हाईवे और सड़कों पर भी कई बार हाथियों का झुंड दिखाई दे रहा है. ऐसे में वाहन चालकों और राहगीरों के सामने हाथियों से सुरक्षित बचने की चुनौती रहती है. हाथियों को देखकर कई लोग घबरा जाते हैं और हॉर्न बजाने या वाहन आगे बढ़ाने जैसी गलती कर बैठते हैं. अगर आपके सामने भी अचानक हाथी आ जाए, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर खुद को सुरक्षित रख सकते हैं.

हाथियों की मौजूदगी जंगल के लिए अच्छा संकेत
पलामू टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जैना ने बताया कि पूरे झारखंड के हाथियों का लगभग एक तिहाई हिस्सा पलामू टाइगर रिजर्व क्षेत्र में होने की बात कही जाती है. जंगल में हाथियों की मौजूदगी प्राकृतिक पर्यावरण और वन्यजीवों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है. बेतला क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही को देखते हुए सड़क के किनारे कई जगह चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं. आदिवासी संस्कृति में हाथियों का विशेष महत्व है. वहीं, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत हाथी अनुसूची-एक में शामिल है, इसलिए इसकी सुरक्षा बेहद जरूरी है.

हाथी अचानक सामने आ जाए तो क्या करें?
आगे कहा कि हाथी आमतौर पर तब आक्रामक हो सकते हैं, जब उन्हें खतरा महसूस होता है. तेज आवाज, अचानक हरकत करना, हॉर्न बजाना या उनका रास्ता रोकना उन्हें परेशान कर सकता है. खासकर बच्चों के साथ मौजूद मादा हाथी अधिक सतर्क रहती हैं. ऐसे में अगर सड़क पर अचानक हाथी या हाथियों का झुंड सामने आ जाए, तो घबराकर शोर न मचाएं. हाथी के पास जाने या उसे भगाने की कोशिश न करें. सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उसे बिना बाधा के गुजरने दें. झुंड के पूरी तरह निकलने तक आगे बढ़ने की कोशिश न करें.

गाड़ी के सामने आ जाए हाथी तो बरतें सावधानी
उन्होंने यह भी कहा कि अगर वाहन चलाते समय सामने हाथी आ जाए, तो हॉर्न बजाने, तेज रफ्तार से निकलने या हाथी के करीब जाकर रास्ता बनाने की गलती न करें. सुरक्षित हो तो वाहन रोक दें और हाथी से दूरी बनाए रखें. यदि पीछे हटने के लिए पर्याप्त जगह और सुरक्षित रास्ता हो, तो धीरे-धीरे पीछे हटें. हाथी की ओर वाहन न बढ़ाएं और न ही उसे घेरने की कोशिश करें. जरूरत पड़ने पर वन विभाग से संपर्क करें.

कम से कम 100 मीटर की दूरी जरूरी
आगे बताया कि जंगली हाथियों से कम से कम 100 मीटर की दूरी बनाए रखना जरूरी है. उनकी फोटो या वीडियो बनाने के लिए पास जाना खतरनाक हो सकता है. जंगल या वन क्षेत्र से गुजरते समय चेतावनी बोर्ड पर ध्यान दें और वन विभाग के निर्देशों का पालन करें. याद रखें, हाथी के व्यवहार का अनुमान लगाना मुश्किल है. इसलिए उसे परेशान करने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखना ही सबसे बेहतर उपाय है.

About the Author

Amit Ranjan

अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top