Last Updated:
केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने और उन्हें पुणे जिले के लोहागढ़ किले की मुंडेर से धक्का देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुणे की एक अदालत ने गोयल और चौधरी की पुलिस हिरासत तीन जुलाई तक बढ़ा दी है.
सिया और चेतन को केतन अग्रवाल की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पहली बार मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता सामने आए हैं. News18 India से सुपर एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने अपनी बेटी का बचाव भी किया और साफ कहा कि अगर जांच में वह दोषी साबित होती है तो उसे भी कानून के मुताबिक कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. बातचीत के दौरान उन्होंने सिया, केतन और इस पूरे मामले से जुड़े कई अहम दावे किए.
‘मेरी बेटी 20 साल की है, इतनी बड़ी साजिश नहीं रच सकती’
सिया के माता-पिता ने कहा कि उनकी बेटी महज 20 साल की है और उनका मानना है कि वह किसी भी कीमत पर इतने बड़े हत्याकांड की साजिश नहीं रच सकती. उन्होंने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष होनी चाहिए और सच्चाई सामने आनी चाहिए. परिवार ने भावुक होते हुए कहा कि वे कानून पर पूरा भरोसा रखते हैं. उन्होंने कहा, “अगर हमारी बेटी ने कुछ भी गलत किया है तो उसे भी कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.”
‘केतन बहुत अच्छा लड़का था, हीरे जैसा इंसान’
सिया के माता-पिता ने मृतक केतन अग्रवाल की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद अच्छा और संस्कारी लड़का था. उन्होंने कहा, “केतन हीरे जैसा लड़का था. उसका परिवार भी बहुत अच्छा था.” परिवार ने दावा किया कि सगाई के अगले ही दिन उन्हें पता चला कि केतन विग लगाता है और उसे बोलने में दिक्कत (हकलाहट) थी.
इसके बाद उन्होंने सिया से इस बारे में बात की. उनके मुताबिक, सिया ने खुद केतन का ऑनलाइन प्रोफाइल देखा, उसकी स्पीच सुनी और फिर परिवार से कहा कि रिश्ता आगे बढ़ाया जाए. उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने केतन के परिवार से फैसला लेने के लिए एक दिन का समय भी मांगा था.
‘ट्रैकिंग का शौक केतन को था, सिया को नहीं’
परिवार का कहना है कि ट्रैकिंग का शौक सिया को नहीं बल्कि केतन अग्रवाल को था. उन्होंने इस दावे के जरिए जांच में सामने आ रही कुछ बातों पर सवाल उठाने की कोशिश की.
‘चेतन चौधरी को हम नहीं जानते’
सिया के माता-पिता ने कहा कि वे सह-आरोपी चेतन चौधरी को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते. उन्होंने कहा, “हमने चेतन चौधरी का नाम इसी केस में पहली बार सुना. हमें यह भी नहीं पता था कि सिया और चेतन दोस्त थे.”
‘सिया कभी शराब नहीं पीती थी’
परिवार ने कहा कि उनकी बेटी शराब नहीं पीती थी. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि आजकल बच्चे पार्टियों में जाते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर आरोप सही हो. सिया के माता-पिता ने बताया कि उन्होंने 20 साल की उम्र में बेटी की शादी इसलिए तय की क्योंकि उन्हें लगा कि उसे एक अच्छा परिवार मिल रहा है. उन्होंने कहा कि उनकी मंशा सिर्फ बेटी का भविष्य सुरक्षित करना था, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं.
फिलहाल पुलिस इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की हर कड़ी की जांच कर रही है. सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी पुलिस रिमांड पर हैं और जांच एजेंसियां घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हैं.
About the Author
Vivek Gupta is an accomplished journalist with over two decades of rich experience in Indian broadcast journalism. Since 2012, he has been associated with News18 India, where he currently serves as Special Corr…और पढ़ें