रांची. झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन शुक्रवार को JPSC और JSSC परीक्षा विवाद को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया. प्रश्नकाल से लेकर शून्यकाल तक बीजेपी, आजसू, जेडीयू और लोजपा (आरवी) के विधायक वेल में पहुंचकर लगातार नारेबाजी करते रहे. विपक्ष ने JPSC और JSSC परीक्षाओं को रद्द करने तथा मामले की जांच CID के बजाय CBI से कराने की मांग उठाई. लगातार हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही बाधित रही और अंततः सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
वेल में पहुंचे विपक्षी विधायक, पोस्टर लहराकर किया प्रदर्शन
सत्र शुरू होते ही विपक्षी विधायक पोस्टर लेकर वेल में पहुंच गए. उन्होंने मेज थपथपाकर और ताली बजाकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए. विपक्ष की ओर से “नौकरी चोर, गद्दी छोड़” के नारे भी लगाए गए. विपक्ष का आरोप था कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के मामले में सरकार गंभीर नहीं है और निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच कराई जानी चाहिए.
प्रदीप यादव बोले- सरकार पर भरोसा रखें
हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि जांच प्रक्रिया को लेकर सरकार पर भरोसा रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी. बाद में उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दे को बहाना बनाकर सदन की कार्यवाही बाधित की जा रही है.
उच्च शिक्षा मंत्री का पलटवार
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुधीर कुमार ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि पहली और दूसरी JPSC परीक्षाओं के दौरान क्या हुआ था, इसका जवाब भी विपक्ष को देना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से काम कर रही है.
8,399.31 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश
हंगामे के बीच सरकार ने वित्तीय कार्य भी पूरे किए. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 8,399.31 करोड़ रुपये का प्रथम अनुपूरक बजट सदन में पेश किया गया. लगातार हंगामे के कारण शून्यकाल की सभी सूचनाओं को पढ़ा हुआ मान लिया गया.
SLBC रिपोर्ट पहली बार विधानसभा पटल पर
दिन की कार्यवाही के दौरान वित्त मंत्री ने स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी (SLBC) की रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी. उन्होंने दावा किया कि देश में पहली बार किसी विधानसभा में SLBC की रिपोर्ट पेश की गई है. वित्त मंत्री ने राज्य के क्रेडिट-डिपॉजिट (CD) रेशियो में सुधार का भी दावा किया. लगातार हंगामे और विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.