Last Updated:
Crispy Onion-pumpkin Kachari Recipe: चाय के साथ जल्दीबाजी में कुछ चटपटा बनाना चाहते हैं. तो कद्दू और प्याज की कचरी बस पांच मिनट में बना सकते हैं. गृहणी रीना जी की कचरी में बेसन के साथ प्याज और कद्दू का कॉम्बो है. प्याज का तीखापन और कद्दू की हल्की मिठास मिलकर एक अलग ही स्वाद देते हैं. जानें आसान रेसिपी.
दरभंगा: गांव की चौक-चौराहे, सड़क किनारे ठेले पर गरमा-गरम कचरी, समोसा देखकर मुंह में पानी आ ही जाता है. पर खुली धूल-मिट्टी, बार-बार इस्तेमाल हुआ तेल सेहत के लिए ठीक नहीं. ऐसे में एक नई तरह की कचरी क्यों न घर पर ही बना लें? न तेल का झंझट, न मिलावट का डर. मिथिला की गृहणी रीना चौधरी की स्पेशल प्याज-कद्दू कचरी बाहर से कुरकुरी, अंदर से एकदम मुलायम और स्वाद में लाजवाब लगता है.
कई जगहों पर कचरी मैदे से भी बनाई जाती है, पर रीना जी की कचरी में बेसन के साथ प्याज और कद्दू का कॉम्बो है. प्याज का तीखापन और कद्दू की हल्की मिठास मिलकर एक अलग ही स्वाद देते हैं. बच्चों से लेकर बड़ों तक, सबको पसंद आएगी. सबसे बड़ी बात घर का साफ-सुथरा तेल, अपने हाथ का बना.
जानें रीना चौधरी से कचरी की आसान विधि
मध्यम प्याज और 1 छोटा कद्दू लें. दोनों को बहुत बारीक, पतले-पतले काट लें. जितने पतले स्लाइस होंगे. कचरी उतनी कुरकुरी बनेगी. कद्दू को कसकर भी ले सकते हैं. कटी प्याज-कद्दू में 1 चम्मच अदरक का पेस्ट, 1 चम्मच लहसुन का पेस्ट डालें. अब इसमें 1 कप बेसन डाल दें. थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त मिश्रण गूंथ लें. याद रखें, बैटर पतला नहीं होना चाहिए वरना कचरी तेल में बिखर जाएगी. स्वाद के हिसाब से नमक, आधा चम्मच हल्दी पाउडर और 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर डालें. अब हाथ से सबको अच्छे से मसल-मसल कर मिक्स करें. हाथों की गर्मी से प्याज अपना पानी छोड़ देगा और मिश्रण बंध जाएगा.
तेल तेज आंच पर गर्म करें
कड़ाही में सरसों या रिफाइंड तेल तेज आंच पर गर्म करें. तेल धुआं देने लगे तब आंच मीडियम कर दें. अब हाथ से छोटे-छोटे गोले बनाकर चपटा कर लें. गरम तेल में डालें. कचरी को धीमी-मध्यम आंच पर तलें. जब एक तरफ सुनहरा रंग आ जाए पलट दें. दूसरी तरफ भी कुरकुरी होने तक सेकें. ऊपर से क्रिस्प और अंदर से सॉफ्ट कचरी तैयार है.
स्वाद के साथ सेहत भी
गरमा-गरम कचरी को हरी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोसें. चाय के साथ शाम का नाश्ता हो जाए या मेहमान आ जाएं. 5 मिनट में बनने वाली ये कचरी सबका दिल जीत लेगी. रीना जी कहती हैं कि बाजार की कचरी से बेहतर है घर की कचरी स्वाद भी, सेहत भी.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें