बुजुर्गों के लिए दिल्ली-एनसीआर में सीनियर लिविंग कॉन्सेप्ट तेजी से बढ़ रहा है.
कई बुजुर्ग आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हैं और अपने घर से भावनात्मक जुड़ाव रखते हैं. फिर भी घर संभालना, स्टाफ मैनेज करना, अस्पताल जाना और आपात स्थिति से निपटना उम्र बढ़ने के साथ कठिन हो सकता है.
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत किए गए लॉन्गिट्यूडिनल एजिंग स्टडी इन इंडिया के अनुसार, 60 की उम्र के बाद लंबे समय तक रहने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ता जाता है और लगातार देखभाल की जरूरत होती है. इसलिए यह फैसला कि बुजुर्ग कहां रहें, सिर्फ आराम का नहीं बल्कि बेहतर जीवन और सुरक्षित भविष्य का भी सवाल है.
आशियाना हाउसिंग के संयुक्त प्रबंध निदेशक अंकुर गुप्ता कहते हैं, ‘आज के समय में वरिष्ठ नागरिक सिर्फ रिटायरमेंट के बाद रहने की जगह नहीं ढूंढ़ रहे हैं. वे ऐसा जीवन चाहते हैं जो परेशानी से मुक्त हो, जहां वे अपनी शर्तों पर स्वतंत्र और संतुलित जीवन जी सकें. अब रिटायरमेंट को लोग जीवन के एक नए अध्याय के रूप में देख रहे हैं, जहां वे अपने शौक पूरे कर सकें, नई चीजें सीख सकें, अच्छे दोस्त बना सकें, लोगों से जुड़े रहें और हर दिन नए उद्देश्य के साथ जी सकें. जब घर की देखभाल, सुरक्षा और रोजमर्रा के प्रबंधन जैसी जिम्मेदारियां किसी प्रोफेशनल टीम द्वारा संभाली जाती हैं, तो वे अपने समय का आनंद लेने और अपनी पसंद की गतिविधियों पर ध्यान दे सकते हैं. जिन परिवारों के बच्चे विदेश में रहते हैं, उनके लिए भी यह भरोसे की बात होती है कि उनके माता-पिता एक सुरक्षित और अच्छी तरह संचालित माहौल में आत्मविश्वास के साथ रह रहे हैं. सीनियर लिविंग का उद्देश्य सिर्फ रहने की सुविधा देना नहीं, बल्कि रिटायरमेंट के बाद भी एक सक्रिय, स्वतंत्र और खुशहाल जीवन जीने का अवसर देना है.’
सीनियर लिविंग में आखिर क्या होता है खास?
आज की सीनियर लिविंग कम्युनिटीज पहले की तरह केवल आश्रय स्थल नहीं हैं. अब इन्हें सक्रिय और स्वतंत्र जीवन जीने वाले लोगों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है. बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, लंबी आयु और बेहतर आर्थिक योजना के कारण कई बुजुर्ग अब रिटायरमेंट के बाद भी यात्रा करना, नई चीजें सीखना, लोगों से मिलना और सम्मान के साथ जीवन जीना चाहते हैं.
सीनियर लिविंग सोसायटीज खासतौर पर 60 के पार वाले लोगों के लिए बनाई जा रही हैं.
इन आधुनिक परियोजनाओं में निजी घरों के साथ स्वास्थ्य सेवाएं, इमरजेंसी सहायता, भोजन, हाउसकीपिंग, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों की सुविधाएं होती हैं. इनका उद्देश्य जीवन को सीमित करना नहीं, बल्कि रोजमर्रा की मुश्किलों को कम करना है.
फ्लैट या घर में रहना कैसे हो जाता है मुश्किल
विशेषज्ञ कहते हैं कि अपने घर या फ्लैट में रहना हर कोई चाहता है लेकिन इससे भी ज्यादा बड़ी जरूरत होती है आपात स्थिति में मिलने वाली सहायता और रोजाना की देखभाल की. अगर कोई घर में देखभाल करने वाला नहीं है तो फ्लैट में रहने पर वे सभी सुविधाएं बुजुर्गों को नहीं मिल पातीं, जिनकी उन्हें रोजाना जरूरत होती है. उन्हें तत्काल मदद नहीं मिल पाती. यही वजह है कि सीनियर लिविंग कॉन्सेप्ट तेजी पकड़ रहा है.
मनासम सीनियर लिविंग के के सह-संस्थापक अनंतराम वी. वर्यूर कहते हैं, “बुजुर्ग अपनी पसंद से जीवन जीना चाहते हैं, लेकिन उनके पास जरूरत पड़ने पर भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं और सहायता भी होनी चाहिए. विदेश में रहने वाले बच्चों को भी सुकून मिलता है कि उनके माता-पिता ऐसी कम्युनिटी में हैं जहां स्वतंत्रता और देखभाल दोनों साथ मिलते हैं.”
इन वजहों से जरूरी सीनियर लिविंग
अमाया वेरा वीटा के सह-संस्थापक ध्रुव बदरुका कहते हैं, “किसी भी रिटायरमेंट कम्युनिटी का चुनाव केवल उसकी आज की सुविधाओं को देखकर नहीं करना चाहिए. यह भी देखना जरूरी है कि समय के साथ बदलती जरूरतों में वह कितनी मदद कर सकती है. अच्छी स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा, आसान पहुंच और सामाजिक जुड़ाव ये सभी बातें साथ मिलकर बेहतर जीवन देती हैं. उद्देश्य बुजुर्गों की स्वतंत्रता छीनना नहीं, बल्कि उसे लंबे समय तक बनाए रखना है.”
यूनाइटेड नेशंस पॉपुलेशन फंड की इंडिया एजिंग रिपोर्ट 2023 भी बुजुर्गों को सहयोग की जरूरत पर जोर देती है जो बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा और सक्रिय जीवन दे सकें. आने वाले समय में और भी अधिक परिवार ऐसे होंगे जहां बच्चे विदेश में रहेंगे और माता-पिता किसी और देश में होंगे, इसलिए समय रहते योजना बनाना जरूरी है.