सिमडेगा के श्रीरामरेखा धाम में 23 से 25 नवंबर तक तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव का आयोजन किया गया है। मेले में छऊ नृत्य व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके पहले दिन सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।
.
डीसी कंचन सिंह व एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने बताया कि मेले के लिए 12 पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। यातायात और कानून-व्यवस्था संभालने के लिए समिति व पुलिस ने तैयारी की है। पुलिस व दंडाधिकारी निगरानी करेंगे।

मेले में उमड़ी लोगों की भीड़।
श्रद्धालु पवित्र गुफा में दर्शन-पूजन के लिए आते हैं
श्रीरामरेखा धाम में कार्तिक पूर्णिमा का मेला 1916 से लग रहा है। इसकी शुरुआत बीरू गढ़ के तत्कालीन राजा हुकूम सिंहदेव ने की थी। इससे पहले 17वीं शताब्दी से श्रद्धालु पवित्र गुफा में दर्शन-पूजन के लिए आ रहे हैं।
गुफा में स्वयंभू शिवलिंग और राम नाम की ध्वनि निकालने वाले शंख के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचते थे। बीरू राज परिवार धाम की व्यवस्था संभालता था। राजा हुक्म सिंह देव ने 1916 में राधा-कृष्ण की धातु की प्रतिमा स्थापित करवाई। उसी साल कार्तिक पूर्णिमा पर पहली बार रास मेला लगा।

1942 में श्रीश्री 1008 स्वामी जयराम प्रपन्नाचार्य ने रास मेले को धार्मिक रूप दिया।
अखंड हरिनाम यज्ञ और सत्संग-प्रवचन शुरू हुए
1942 में श्रीश्री 1008 स्वामी जयराम प्रपन्नाचार्य ने रास मेले को धार्मिक रूप दिया। उनके प्रयास से कार्तिक पूर्णिमा पर रास मेले की जगह अखंड हरिनाम यज्ञ और सत्संग-प्रवचन शुरू हुए। जयराम प्रपन्नाचार्य को रामरेखा बाबा के नाम से जाना जाता था।
कार्तिक पूर्णिमा पर झारखंड के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश,छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा से लाखों श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं। रामरेखा धाम विकास समिति के सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी और अलग-अलग राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता श्रद्धालुओं की सेवा में जुटते हैं।

यहां गुप्त गंगा,धनुष कुंड,अग्निकुंड,चरण पादुका और सीता चूल्हा जैसे कई धार्मिक स्थान हैं।
मेले में मिठाई, झूले और कई तरह की दुकानें लगी हैं। मान्यता है कि 14 वर्ष के वनवास के दौरान भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण यहां आए थे और कुछ समय रुके थे। एक बड़ी गुफा की छत पर बनी रेखाओं को भगवान राम की खींची रेखा मानी जाती है। इसी से इस जगह का नाम रामरेखा पड़ा।
यहां गुप्त गंगा,धनुष कुंड,अग्निकुंड,चरण पादुका और सीता चूल्हा जैसे कई धार्मिक स्थान हैं। एक गुफा में राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान और भगवान शिव के मंदिर भी हैं। वही, चारों ओर से पहाड़ियों से गिरा होने की वजह से यह स्थल और भी रमणीय है।