Last Updated:
Telangana New High Court: तेलंगाना हाई कोर्ट के लिए बुडवेल में 100 एकड़ भूमि पर 2,500 करोड़ रुपए की लागत से नया आधुनिक परिसर बन रहा है. दिसंबर 2027 तक पूरा होने वाले इस प्रोजेक्ट में डिजिटल कोर्टरूम, आवासीय सुविधाएँ और मल्टी-लेवल पार्किंग जैसी अत्याधुनिक व्यवस्थाएं होंगी. यह नया परिसर पुराने हाई कोर्ट पर बढ़ते प्रशासनिक दबाव को कम करेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी योगदान देगा.
तेलंगाना को मिलेगी नई पहचान: 2,500 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक हाई कोर्ट परिसर
Telangana: तेलंगाना में न्यायपालिका के बुनियादी ढांचे को आधुनिक और भव्य स्वरूप देने के लिए राज्य सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम तेज कर दिया है. रंगारेड्डी जिले के राजेंद्रनगर स्थित बुडवेल गांव में तेलंगाना हाई कोर्ट का नया और अत्याधुनिक परिसर बनाया जा रहा है. यह परियोजना वर्तमान हाई कोर्ट भवन में जगह की कमी, सीमित पार्किंग और प्रशासनिक दबाव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान प्रदान करेगी.
राज्य सरकार ने इस विशाल प्रोजेक्ट के लिए अरामघर के समीप बुडवेल में लगभग 100 एकड़ जमीन आवंटित की है. यह परिसर न केवल अपनी भव्यता के लिए जाना जाएगा, बल्कि इसे पर्यावरण के अनुकूल भी बनाया जा रहा है. निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए इसे विभिन्न चरणों में बांटा गया है. वर्तमान में जोन-I के तहत मुख्य प्रशासनिक एवं कोर्ट भवन और जोन-II के अंतर्गत न्यायाधीशों व स्टाफ के लिए आवासीय परिसरों का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है.
2,500 करोड़ रुपए का बढ़ा हुआ बजट
शुरुआत में इस मुख्य इंफ्रास्ट्रक्चर की अनुमानित लागत लगभग 500 करोड़ रुपए तय की गई थी. हालांकि, आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों, डिजिटल कोर्टरूम और आलीशान आवासीय सुविधाओं को प्रोजेक्ट में शामिल करने के बाद, नवीनतम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) के अनुसार इसका कुल बजट 2,500 करोड़ रुपए को पार कर गया है. सरकार की मंशा इस केंद्र को देश के सबसे आधुनिक न्यायिक परिसरों में से एक बनाने की है.
दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
तेलंगाना सरकार ने नए हाई कोर्ट कैंपस को पूरी तरह से क्रियाशील करने के लिए दिसंबर 2027 का समय तय किया है. इस नए परिसर के निर्माण से ऐतिहासिक हाई कोर्ट भवन पर प्रशासनिक भार काफी कम हो जाएगा. नया परिसर अत्याधुनिक डिजिटल कोर्टरूम, वकीलों के लिए विशाल लाउंज, पर्याप्त मल्टी-लेवल पार्किंग और याचिकाकर्ताओं के लिए सभी आधुनिक जनसुविधाओं से लैस होगा. यह परियोजना न केवल न्याय प्रक्रिया को सुगम बनाएगी, बल्कि राजेंद्रनगर और उसके आसपास के क्षेत्रों के शहरी व आर्थिक विकास में भी मील का पत्थर साबित होगी.
About the Author
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with News18 Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें