जमशेदपुर. अगर आप अनुसूचित जाति (SC) या अनुसूचित जनजाति (ST) समुदाय से आते हैं और अपना खुद का बिजनेस शुरू करने का सपना देखते हैं, तो आपके लिए सुनहरा अवसर है. देश के प्रतिष्ठित मैनेजमेंट संस्थानों में शामिल XLRI, जमशेदपुर द्वारा Business Acceleration Program आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम की सामान्य फीस करीब 1.10 लाख रुपये है, लेकिन SC/ST समुदाय के चयनित प्रतिभागियों के लिए यह पूरी तरह निःशुल्क होगा.
दिया जाएगा प्रशिक्षण
इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए XLRI के स्ट्रेटजी एवं एंटरप्रेन्योरशिप विभाग के प्रोफेसर अरिंदम मंडल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य SC/ST समुदाय के युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है. कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को सफल व्यवसाय शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए जरूरी प्रशिक्षण दिया जाएगा.
72 घंटे का प्रोग्राम है
यह 72 घंटे का Business Acceleration Program है. इसकी शुरुआत 22 सितंबर से होगी. कार्यक्रम का पहला चरण 7 दिनों का आवासीय प्रशिक्षण होगा, जिसमें प्रतिभागियों को XLRI कैंपस में रहकर पढ़ाई और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी. इस दौरान रहने, खाने और प्रशिक्षण का पूरा खर्च संस्थान की ओर से वहन किया जाएगा.
मिलेगा सर्टिफिकेट
इसके बाद दूसरे चरण में 36 घंटे की ऑनलाइन वीकेंड क्लास आयोजित होंगी. इन कक्षाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने बिजनेस आइडिया पर काम करने, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेने और वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों को समझने का अवसर मिलेगा. प्रशिक्षण पूरा होने पर प्रतिभागियों को XLRI का प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा.
मिलेगा सीखने का अवसर
इस कार्यक्रम के दौरान बिजनेस शुरू करने और उसे सफल बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसमें बिजनेस आइडिया का चयन, बिजनेस प्लान तैयार करना, मार्केट की समझ, फाइनेंशियल मैनेजमेंट, ऑपरेशन मैनेजमेंट, टीम तैयार करना, मार्केटिंग, नेटवर्किंग और निवेश के अवसर जैसी कई महत्वपूर्ण बातें सिखाई जाएंगी. साथ ही प्रतिभागियों को अनुभवी उद्यमियों और उद्योग विशेषज्ञों से सीधे बातचीत करने और उनसे सीखने का भी अवसर मिलेगा.
प्रोफेसर अरिंदम मंडल ने बताया कि इस कार्यक्रम में कुल 60 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थी 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि कार्यक्रम की शुरुआत 22 सितंबर से होगी.
देनी होंगी ये जानकारियां
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा. फॉर्म में आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और उद्यम (Udyam/MSME) पंजीकरण प्रमाणपत्र जैसी आवश्यक जानकारी देनी होगी. अगर आपके पास पहले से कोई छोटा व्यवसाय है या आप नया व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, तो यह कार्यक्रम आपके लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है.
यह पहल उन युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है, जो अपने सपनों को नया आकार देना चाहते हैं. देश के प्रतिष्ठित संस्थान XLRI से प्रशिक्षण प्राप्त कर वे न केवल अपने व्यवसाय की मजबूत शुरुआत कर सकते हैं, बल्कि भविष्य में रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर सकते हैं. आप इस लिंक पर जाकर भी फॉर्म भर सकते हैं. ये रहा आवेदन लिंक.