![]()
राजधानी रांची में 21 जून को शहर में एक साथ दो परीक्षाओं का आयोजन होगा। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा इंजीनियरिंग सर्विस मुख्य परीक्षा का आयोजन बरियातू रोड स्थित राजकीय बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय में होगा। इसमें 74 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सुबह 9 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक होगी। उसी दिन राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) यूजी री-टेस्ट भी 21 केंद्रों पर होगा। नीट की परीक्षा को लेकर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। वायुसेना के विमान से नीट का प्रश्नपत्र भी रांची आ गया है, जिसे डाकघर को सौंप दिया गया है। परीक्षा के दिन कड़ी सुरक्षा में प्रश्नपत्र सभी केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा। दोनों परीक्षाओं को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार ने बुधवार को पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा का ख्याल रखने का भी निर्देश दिया। इधर, सदर एसडीओ कुमार रजत ने परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लगा दी है। 22 से 30 तक नेट की परीक्षा, 6 केंद्र बनाए गए 22 जून से नेट की परीक्षा होगी। 30 जून तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए रांची में 6 केंद्र बनाए गए हैं। रामटहल चौधरी इंस्टीच्युट ऑफ टेक्नोलॉजी, ओरमांझी, आक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, चुटिया, आयोन डिजिटल जोन, तुपुदाना, अरुनिमा टेक्निकल सर्विसेस लोअर चुटिया, आईसीयूबीई डिजिटल इरबा, फ्यूचर ब्राइट, पुंदाग को केंद्र बनाया गया है। सभी केन्द्रों के बाहर 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू है। प्रशासन ने परीक्षा में जिनकी ड्यूटी लगाई है, उन्हें अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। परीक्षार्थियों के लिए रांची से चलेगी दो स्पेशल ट्रेन 21 जून को परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने भी तैयारी की है। रांची रेल मंडल की ओर से 21 जून को दो विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। रांची से बोकारो होते हुए धनबाद और दूसरी ट्रेन रांची से टोरी होकर डाल्टनगंज तक चलेगी। परीक्षा समाप्ति पर शाम छह बजे के बाद दोनों ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। दोनों स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय को भेज दिया गया है। दोनों ट्रेन चलने से परीक्षार्थियों को काफी फायदा होगा। मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। सभी केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरा, तलाशी, पहचान पत्र का सत्यापन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर रोक लगाने की व्यवस्था की गई है। मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केन्द्र के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र का पहचान पत्र से मिलान अनिवार्य रूप से किया जाए। कोई भी गैजेट लेकर अंदर न जाएं।
Source link