Last Updated:
रांची की सीमा शर्मा ने 46 साल की उम्र में ₹10 हजार से सिल्क कपड़ों का बिजनेस शुरू किया. सास-ससुर और पति के सपोर्ट से आज उनका टर्नओवर 8 से 10 लाख रुपये तक पहुंच गया है. उनके जयपुरी सिल्क प्रोडक्ट्स की डिमांड पूरे देश में है. उन्होंने स्थानीय कारीगरों को रोजगार भी दिया है.
रांची: रांची की रहने वाली सीमा शर्मा आज एक सफल बिजनेस वुमन हैं. वे खास तौर पर ‘जयपुरी मोडाल सिल्क फैब्रिक’ पर काम करती हैं. वे इसी फैब्रिक से साड़ियां, सलवार सूट और अन्य कपड़े तैयार करती हैं. सीमा इन कपड़ों की मैन्युफैक्चरिंग और डिजाइनिंग खुद करती हैं .इसके लिए उन्होंने कुशल कारीगर भी रखे हुए हैं. सीमा बताती हैं कि 48 साल की उम्र में आकर उन्हें यह सफलता मिली है.
इस सफर में उनके सास-ससुर का बहुत बड़ा योगदान रहा. उन्होंने ही सीमा से कहा था कि घर पर बैठकर क्या करोगी. बाहर निकलो और कुछ काम करो. सास-ससुर की इसी प्रेरणा और पति के पूरे सपोर्ट के कारण सीमा ने घर से ही काम शुरू किया. जयपुरी फैब्रिक में अच्छी समझ होने के कारण उन्होंने इसी क्षेत्र को चुना.
खुद जयपुर जाकर तैयार करवाती हैं कपड़े
सीमा बताती हैं कि वे खुद जयपुर जाती हैं और वहां कपड़े तैयार करवाती हैं. उनके सारे प्रोडक्ट्स में ज्यादातर हाथ का काम होता है. धागे के अलग-अलग डिजाइन और फैब्रिक के कारण कोई भी डिजाइन दोबारा रिपीट नहीं होता. यही वजह है कि जो भी ग्राहक एक बार कपड़ा ले जाता है, वह हमेशा के लिए उनका पक्का कस्टमर बन जाता है. आज उनके बनाए कपड़े जयपुर, कोलकाता, बिहार, यूपी और दिल्ली समेत पूरे देश में जा रहे हैं.
पहले थीं हाउसवाइफ, अब लाखों का टर्नओवर
सीमा पहले एक साधारण हाउसवाइफ थीं और घर-बच्चे संभालती थीं. जब बच्चे बड़े हो गए, तब उन्होंने कुछ अलग करने की सोची. उन्होंने 46 साल की उम्र में यह काम शुरू किया था. सिर्फ 2 सालों में ही उनका बिजनेस बहुत तेजी से चल पड़ा. अब आलम यह है कि उन्हें एक दिन भी घर बैठने की फुर्सत नहीं मिलती. उन्होंने यह बिजनेस मात्र 10,000 रुपये से शुरू किया था, जो आज 8 से 10 लाख रुपये तक पहुंच चुका है.
आज खुद के पैरों पर खड़ी हैं सीमा
सीमा कहती हैं कि आज वे अपने पैरों पर खड़ी हैं. उनका खुद का बिजनेस है और हर महीने अच्छी कमाई हो रही है. अब वे अपने शौक और सपने खुद पूरे कर रही हैं और परिवार की आर्थिक मदद भी कर रही हैं. सीमा का मानना है कि यह फीलिंग बहुत स्पेशल होती है. वे कहती हैं कि हर महिला को काम जरूर करना चाहिए. काम चाहे छोटे स्तर पर हो, लेकिन खाली मत बैठिए. अगर आप ईमानदारी से मेहनत करेंगी तो सफलता जरूर मिलेगी.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.