![]()
कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के नावाडीह पंचायत स्थित बहादुरपुर गांव में शनिवार दोपहर एक महिला की विषपान से मौत हो गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय मीणा देवी, पत्नी वासुदेव यादव के रूप में हुई है। मृतका के पिता सहदेव यादव ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे उनके दामाद वासुदेव यादव ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि मीणा ने जहर खा लिया है और उसकी तबीयत बिगड़ गई है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। सहदेव यादव के अनुसार, जब उन्होंने मीणा द्वारा विषपान किए जाने का कारण जानना चाहा, तो वासुदेव ने कॉल काट दिया। इसके बाद सहदेव यादव अपने परिजनों के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मीणा देवी को मृत घोषित कर दिया था। सहदेव यादव ने अपनी बेटी की मौत पर संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि या तो दामाद से फोन पर हुए विवाद के बाद मीणा ने विषपान किया या उसकी सास ने उसे खाने में जहर देकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके दामाद और मीणा की सास आए दिन मीणा के साथ झगड़ा करते थे। उनकी सास ने कई बार मीणा के साथ मारपीट भी की थी। विवाद इतना बढ़ जाता था कि सहदेव यादव को कई बार मीणा को अपने मायके लाना पड़ता था। इसके बावजूद वासुदेव मीणा के साथ गाली-गलौज करता था, जिसके कारण मीणा को वापस ससुराल जाना पड़ता था। मीणा की मौत की खबर मिलते ही उसकी सास और ससुराल के अन्य लोग सदर अस्पताल से फरार हो गए। मृतका के पति वासुदेव यादव मुंबई में मजदूरी करते हैं और घटना के समय वहीं थे। मीणा देवी के तीन बेटियां और एक बेटा है।
Source link