![]()
भास्कर न्यूज | गढ़वा पलामू संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। वर्षों से जर्जर और बदहाल पड़ी गढ़वा और पलामू जिले की पांच महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सांसद विष्णु दयाल राम की अनुशंसा पर झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग ने निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही अभियंताओं की टीम प्रस्तावित सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करेगी। इसके बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। इस संबंध में सांसद विष्णु दयाल राम ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से दोनों जिलों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। लंबे समय से इन मार्गों की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क निर्माण के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को देखते हुए उन्होंने 24 मार्च 2026 को पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार को पत्र लिखकर इन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की अनुशंसा की थी। विभाग ने अब इस पर कार्रवाई शुरू कर दी है, जिससे क्षेत्रवासियों में विकास की नई उम्मीद जगी है। गढ़वा जिले में परों-कुरून-तिहारो-हरता -चपलसी होते हुए पाट फकीराडीह तक लगभग 24 किलोमीटर और पनघटवा-टाटीदीरी-धुरकी तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क के निर्माण का प्रस्ताव प्रक्रिया में है। स्वास्थ्य सेवाएं भी सुधरेंगी वहीं पलामू जिले में हरिहरगंज-दुबटिया मोड़ से पीपरा होते हुए हुसैनाबाद तक लगभग 22 किलोमीटर, चेचरिया- जमडीहा- करकट् टा- बसरिया वाया जोगा तक लगभग 13 किलोमीटर और जपला-छतरपुर से मझौली, पीपरा बाजार, सरहू, झगराखांड, हसनपुर और मधुबाना तक लगभग 15 किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। सफर सुगम होगा, कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी।
Source link