![]()
गिरिडीह में नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत तोड़ी गई दुकानों के दोबारा निर्माण पर गुरुवार को सख्त कार्रवाई किया। निगम की टीम ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर निर्माणाधीन हिस्सों पर बुलडोजर चलाया और कई अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। यह कार्रवाई नगर निगम के उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक के निर्देश पर की गई। निगम की टीम जेसीबी मशीन और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान दोबारा बनाए जा रहे निर्माण को तोड़ा गया, जिसमें एक दुकान में खड़ा किया गया पिलर भी शामिल था। निर्माण कार्य पर रोक लगा दी इससे पहले, नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर कुल 32 दुकानों को हटाया था। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों ने फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। इसकी सूचना मिलने पर निगम प्रशासन ने दोबारा कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी। इधर, नगर निगम की इस कार्रवाई से स्थानीय दुकानदारों में भारी नाराजगी देखी गई। आक्रोशित दुकानदारों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन तथा नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दुकानदारों का कहना था कि लगातार कार्रवाई से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन केवल चुनिंदा दुकानों पर कार्रवाई कर रहा: दुकानदार उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उनकी दुकानों को हटा रहा है। दुकानदारों ने यह भी कहा कि पंचंबा क्षेत्र में अब तक कई अतिक्रमित दुकानें नहीं हटाई गई हैं और न ही वहां सड़क चौड़ीकरण का काम हुआ है। उनका आरोप है कि प्रशासन केवल चुनिंदा दुकानों पर कार्रवाई कर रहा है और विस्थापित दुकानदारों को स्थायी जगह भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण कर दोबारा निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस संबंध में उप सहायक नगर आयुक्त अशोक हांसदा ने बताया कि पूर्व में सड़क चौड़ीकरण के उद्देश्य से दुकानों को हटाया गया था। बावजूद इसके कुछ दुकानदारों द्वारा फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। नगर आयुक्त के निर्देश पर आज दोबारा कार्रवाई की गई है।
Source link