भास्कर न्यूज|गुमला जिले में शनिवार को छह अलग-अलग स्थानों से सर्पदंश के मामले सामने आए। सभी पीड़ितों को उपचार के लिए गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, पहली घटना पुग्गू गांव के 25 वर्षीय रूपेश उरांव के साथ हुई। दूसरी घटना सिसई निवासी रजत टेटे, तीसरी तिरा गांव के 58 वर्षीय बनवारी साहू, चौथी बिशुनपुर प्रखंड के बनारी निवासी 67 वर्षीय प्यारी देवी, पांचवीं बरटोली निवासी मॉरिश खलखो तथा छठी घटना आसानी गांव के 72 वर्षीय बालमुनी उरांव के साथ हुई। सभी को अलग-अलग स्थानों पर सांप ने काट लिया। परिजनों ने तत्काल सभी घायलों को गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) देकर इलाज शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार जारी है। बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, झाड़ियों और खेतों में जाते समय सावधानी बरतने तथा सर्पदंश होने पर बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की है। सर्पदंश से बचाव के लिए खेतों या घास वाले इलाकों में हमेशा पूरे जूते और लंबी पैंट पहनें, रात में बाहर जाते समय टॉर्च का उपयोग करें और जमीन पर सोने के बजाय चारपाई या मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। सांप के काटने पर घबराएं नहीं और ओझा-तांत्रिक के चक्कर में पड़ने के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाएं
Source link