Last Updated:
Jamshedpur Sanjay Ji Kachori Recipe: जमशेदपुर में संजय जी की कचौड़ी-चाट दुकान सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक ग्राहकों से भरी रहती है. यहां 2 कचौड़ी 25 रुपये में मिलती हैं. सत्तू की स्टफिंग और आलू-मटर की सब्जी इसकी खासियत है. आइये जानते हैं इसकी रेसिपी के बारे में
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर शहर में खाने-पीने की कई मशहूर दुकानें हैं. जहां लोग स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेने के लिए दूर-दूर से पहुंचते हैं. इन्हीं लोकप्रिय ठिकानों में गोलमुरी गोलचक्कर के पास स्थित संजय जी की कचौड़ी-चाट की दुकान भी शामिल है. सुबह होते ही यहां लोगों की लंबी कतार लग जाती है. कई ग्राहकों को अपनी बारी आने के लिए आधा घंटा से लेकर 45 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है, लेकिन स्वाद के सामने यह इंतजार भी उन्हें छोटा लगता है. आइये जानते हैं इस दुकान के बारे में.
जानें कचौड़ी की कीमत
इस कचौड़ी-चाट दुकान के संचालक संजय बताते हैं कि उनकी दुकान सुबह 7 बजे से खुल जाती है और दोपहर 1 बजे तक ग्राहकों की भीड़ लगातार बनी रहती है. वर्षों से वह अपने परिवार के साथ इस काम को कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने शुरुआत की थी, तब एक कचौड़ी मात्र 3 रुपये में बिकती थी. समय के साथ महंगाई बढ़ी और आज 2 कचौड़ी 25 रुपये में मिलती हैं, लेकिन स्वाद वही पुराना और खास बना हुआ है, जिसकी वजह से लोग बार-बार यहां पहुंचते हैं.
इस कचौड़ी की सबसे बड़ी खासियत इसकी स्टफिंग है. कचौड़ी के अंदर सत्तू की भरावन डाली जाती है, जो इसे एक अलग स्वाद देती है. इसके साथ ग्राहकों को आलू-मटर की गरमा-गरम सब्जी परोसी जाती है. वहीं धनिया पत्ती की तीखी चटनी और इमली की मीठी चटनी इसका स्वाद और भी बढ़ा देती है. मसालों का सही संतुलन और ताजगी लोगों को बेहद पसंद आती है. यही वजह है कि सुबह के समय यहां हमेशा ग्राहकों की भीड़ देखने को मिलती है.
खाते ही थकान हो जाती है दूर
वहीं, दुकान पर कचौड़ी खाने आए प्रमोद जी बताते हैं कि उन्हें यहां का स्वाद बेहद पसंद है. उनका कहना है कि चाहे जितना भी इंतजार करना पड़े, वह खुशी-खुशी करते हैं. क्योंकि ऐसा स्वाद उन्हें पूरे जमशेदपुर में कहीं और नहीं मिलता. उन्होंने कहा कि कई बार भीड़ ज्यादा होने के कारण लंबा इंतजार करना पड़ता है, लेकिन जब प्लेट हाथ में आती है तो इंतजार की सारी थकान खत्म हो जाती है.
संजय जी की दुकान की एक और खास बात यह है कि पूरा परिवार मिलकर इस काम को संभालता है. कोई कचौड़ी तैयार करता है, कोई सब्जी बनाता है तो कोई ग्राहकों को परोसने का काम करता है. परिवार के सभी सदस्यों की मेहनत और लगन इस स्वाद में साफ दिखाई देती है. ग्राहकों का मानना है कि घर जैसी साफ-सफाई और पारिवारिक माहौल भी इस दुकान की लोकप्रियता का एक बड़ा कारण है.
आज संजय जी की कचौड़ी-चाट सिर्फ एक दुकान नहीं, बल्कि गोलमुरी की पहचान बन चुकी है. शहर के अलग-अलग हिस्सों से लोग यहां स्वाद का आनंद लेने पहुंचते हैं. वर्षों से कायम भरोसा, परिवार की मेहनत और लाजवाब स्वाद ने इस छोटी सी दुकान को जमशेदपुर के सबसे पसंदीदा फूड स्पॉट्स में शामिल कर दिया है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें