भास्कर न्यूज| चाईबासा गुरुवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। डीसी ने परियोजना निदेशक आईटीडीए, सिविल सर्जन, अपर उपायुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ, अंचलाधिकारी व विभिन्न कार्यक्रमों के जिला प्रबंधकों को 8 मई को जिले के 6 प्रखंडों में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर को सफल बनाने सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिया है। बैठक में उपायुक्त द्वारा जिले में संचालित आहार दिवस व राजस्व शिविर से संबंधित प्रतिवेदन का प्रखंडवार समीक्षा की गई। इस क्रम में उपायुक्त द्वारा जिले के सिविल सर्जन को सभी स्वास्थ्य केंद्रों में बिजली, पानी की उपलब्धता सहित वैकल्पिक व्यवस्था के अलावा सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉग बाइट एवं एंटी स्नेक वेनम आवश्यक मात्रा में उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। सभी पदाधिकारियों को टी.बी उन्मूलन के लिए 12 मई को रोगियों को गोद लेने की प्रक्रिया करते हुए सभी को पोषक आहार उपलब्ध कराने के संदर्भ में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, हेल्थ वेलनेस सेंटर, स्वास्थ्य केंद्र आदि का भी निरीक्षण किया जाए तथा छोटे-छोटे कारणों की वजह से फंसी योजनाओं को समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर उनका हल करना सुनिश्चित किया जाए। जिले के सभी अनुमंडल स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय कार्यालय में घड़े में पानी की व्यवस्था करने तथा ओआरएस व अन्य आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के तदर्थ जिले के सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया। साथ ही जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना के संदर्भ में भी आवश्यक निर्देश दिया गया।
Source link