Last Updated:
जुगाड़ से जैकपॉट : अगर आप भी यह सोचते हैं कि गांव या खेती-किसानी में भविष्य नहीं है तो जरा राजस्थान के सुरेश यादव पर नजर डालें. सुरेश ने अपने बड़े भाई की सलाह पर कोरोनाकाल में वर्मी कम्पोस्ट का कारोबार शुरू किया. आज उनका सालाना टर्नओवर 3 करोड़ रुपये से भी ज्यादा पहुंच चुका है. सुरेश बताते हैं कि उन्हें हर साल करीब 1.5 करोड़ रुपये का मुनाफा होता है.
वर्मी कम्पोस्ट का बिजनेस करके करोड़ों का टर्नओवर तैयार हो गया.
नई दिल्ली. अगर आप यह सोचते हैं किसी बिजनेस को चलाने के लिए मोटे निवेश और संसाधन की ही जरूरत होती है तो राजस्थान के सुरेश यादव की सफलता पर नजर डालें. सुरेश ने बिना किसी सरकारी मदद या अन्य किसी के सहयोग के ही अपना काम शुरू किया और आज 3 करोड़ का बिजनेस खड़ा कर दिया है. सुरेश ने सिर्फ अपने यूनिक बिजनेस आइडिया के बूते ही महज चंद पैसों के निवेश से इतना बड़ा कारोबार बनाया. उनका काम भले ही पुराना है, लेकिन इसे करने का तरीका बिलकुल नया और इसी नए तरीके ने उन्हें सफल कारोबारी बना दिया है.
गोबर की खाद तो हमारे देश में हमेशा से ही इस्तेमाल होती रही है. जैविक खाद को खेत और फसलों के लिए सबसे उपयुक्त भी माना जाता है और किसानों की इसी जरूरत को सुरेश यादव ने अपना कारोबार बना लिया. उन्होंने मामूली निवेश के साथ गोबर की खाद से वर्मी कम्पोस्ट बनाना शुरू किया. इसके लिए ज्यादा संसाधन की भी जरूरत नहीं थे और न ही भारी -भरकम निवेश की जरूरत पड़ी. बावजूद इसके अपनी लगत और मेहनत से उन्होंने आज 3 करोड़ का कारोबार तैयार कर लिया.
लॉकडाउन से निकला बिजनेस आइडिया
सुरेश का कहना है कि आज मैं गाय के गोबर से करोड़पति किसान बन गया हूं, लेकिन यहां तक पहुंचा कैसे, यह जानना काफी दिलचस्प है. उन्होंने बताया कि कोरोनाकाल के समय जब लॉकडाउन लगा था तो सभी अपने-अपने घरों में कैद थे. मुझे भी कहीं नहीं जाना होता था और घर पर रहने के दौरान बड़े भाई सुहेल यादव ने बताया कि केंचुए से खाद बनाई जा सकती है. इसके बाद साल 2020 में उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट खाद बनानी शुरू कर दी.
खेती में बचत और कारोबार में बढ़त
सुरेश का कहना है कि वर्मी कम्पोस्ट का बिजनेस शुरू करने से उनकी खेती में लागत तो कम हो ही गई, साथ ही बिजनेस भी तेजी से बढ़ने लगा. बेकार समझे जाने वाले गोबर और केंचुए को मिलाकर ऐसा बिजनेस तैयार किया है, जिससे मेरी कमाई तो हो ही रही है. किसानों को भी अपनी जमीन को सुधारने में मदद मिलती है. सुरेश ने बताया कि आज मेरे कारोबार का टर्नओवर 3 करोड़ रुपये सालाना पहुंच चुका है. इसमें हर साल करीब 30 फीसदी की ग्रोथ भी हो रही है.
50 फीसदी की सीधी बचत
सुरेश का कहना कि युवाओं को अपनी सोच बदलने की जरूरत है. अगर वे यह सोचते हैं कि खेती-किसानी या गांव में अवसर नहीं है तो गलत हैं. मैं आज जितना पैसा कमा रहा हूं, उतना आईआईटी करके भी नहीं कमा सकता था. मेरा टर्नओवर सालाना 3 करोड़ रुपये है और इसमें से 50 फीसदी की सीधी बचत हो जाती है. इसका मतलब है कि हर साल 1.50 करोड़ की बचत हो रही है. इसका मतलब है कि मुझे वर्मी कम्पोस्ट के बिजनेस से हर महीने 12.5 लाख रुपये का मुनाफा हो रहा है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…