भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

देवघर के विक्रम ने 20 हजार में पुरानी बाइक को बनाया मालवाहक,...


Last Updated:

Deoghar Jugaad Bike: देवघर में एक शख्स ने अपनी पुरानी मोटरसाइकिल का ऐसा इस्तेमाल किया कि अब वही बाइक उसके परिवार की रोजी-रोटी का सहारा बन गई है. आमतौर पर जब मोटरसाइकिल पुरानी हो जाती है तो लोग उसे बेचने या घर के किसी कोने में खड़ी कर देने की सोचते हैं, लेकिन देवघर के एक शख्स ने अपनी पुरानी बाइक को ही कमाई का जरिया बना लिया. खास बात यह है कि इसके लिए उन्हें न तो लाखों रुपये खर्च करने पड़े और न ही कोई बड़ी गाड़ी खरीदनी पड़ी. महज 20 हजार रुपये खर्च करके उन्होंने अपनी पुरानी मोटरसाइकिल को मालवाहक वाहन में बदलवा दिया. अब इसी जुगाड़ वाली बाइक पर लकड़ी, सीमेंट और दूसरी जरूरी चीजें लोड करके एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाते हैं और हर दिन अच्छी कमाई कर रहे हैं. आखिर कैसे एक पुरानी मोटरसाइकिल उनके लिए रोजगार का साधन बन गई?

दरअसल, देवघर जिले के जमुनी गांव के रहने वाले विक्रम पासवान पहले से ही अपना कोई रोजगार शुरू करना चाहते थे.उनके मन में टेम्पो या पिकअप गाड़ी खरीदने का विचार था, ताकि उससे सामान ढोने का काम करके परिवार का खर्च चला सकें. लेकिन परेशानी यह थी कि उनके पास इतनी पूंजी नहीं थी कि वह एक साथ बड़ी गाड़ी खरीद सकें. ऐसे में उन्होंने कम पैसे में रोजगार शुरू करने का रास्ता तलाशना शुरू किया. इसी दौरान उन्हें पता चला कि देवघर जिले के देवीपुर में पुरानी मोटरसाइकिल को मॉडिफाई करके मालवाहक गाड़ी का रूप दिया जाता है. यह जानकारी मिलते ही उनके मन में भी अपनी पुरानी बाइक को इसी तरह तैयार करवाने का विचार आया.

विक्रम पासवान के पास पहले से ही टीवीएस कंपनी की एक पुरानी मोटरसाइकिल थी.उन्होंने उसी मोटरसाइकिल को मालवाहक वाहन में बदलवाने का फैसला किया. इसके बाद वह अपनी बाइक लेकर देवीपुर पहुंचे और करीब 20 हजार रुपये खर्च करके उसे मॉडिफाई करवा दिया. बाइक के पीछे सामान रखने के लिए मालवाहक ढांचा तैयार किया गया, जिसके बाद उनकी पुरानी मोटरसाइकिल अब पिकअप जैसी दिखने लगी.

सबसे अच्छी बात यह रही कि उन्हें नई गाड़ी खरीदने के लिए न तो किसी से बड़ा कर्ज लेना पड़ा और न ही लाखों रुपये का इंतजाम करना पड़ा. कम खर्च में ही उन्हें रोजगार का एक नया रास्ता मिल गया. अब विक्रम पासवान इसी मॉडिफाई की गई मोटरसाइकिल से लकड़ी, सीमेंट और दूसरी तरह के सामान की ढुलाई करते हैं. जहां भी सामान पहुंचाने का काम मिलता है, अपनी गाड़ी लेकर निकल पड़ते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

विक्रम के मुताबिक इस काम से वह प्रतिदिन करीब 1500 से 2000 रुपये तक की कमाई कर लेते हैं. इसी आमदनी से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं. उनके लिए यह सिर्फ एक पुरानी मोटरसाइकिल नहीं, बल्कि रोजगार का ऐसा साधन बन चुकी है, जिसने कम पूंजी में अपने पैरों पर खड़े होने का मौका दिया है. विक्रम पासवान का यह देसी जुगाड़ उन लोगों के लिए भी एक उदाहरण है, जो कम पैसे होने की वजह से अपना रोजगार शुरू नहीं कर पाते हैं.

कई लोग रोजगार के लिए बड़ी गाड़ी खरीदने और लाखों रुपये निवेश करने के बारे में सोचते हैं, लेकिन विक्रम ने अपनी जरूरत और बजट को देखते हुए पुरानी बाइक का ही इस्तेमाल किया. फिलहाल विक्रम की यह जुगाड़ वाली गाड़ी इलाके में लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. अब लोग भी यह जानना चाहते हैं कि आखिर 20 हजार रुपये में तैयार हुई यह छोटी सी गाड़ी कैसे हर दिन उनके परिवार के लिए कमाई का जरिया बन रही है.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍िया✅देखें.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top