![]()
राजधानी रांची में वीआईपी सुरक्षा के लिए 4 जगह की गई बैरिकेडिंग अब शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भारी पड़ रही है। पिछले चार दिन से एलपीएन शाहदेव चौक, राम मंदिर चौक और जाकिर हुसैन पार्क के पीछे सड़कें ब्लॉक किए जाने से आसपास के रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और दिनभर शहर के कई हिस्सों में जाम की स्थिति बन रही है। सबसे ज्यादा असर कांके रोड, रातू रोड, कचहरी चौक और मोरहाबादी की ओर आने-जाने वाले लोगों पर पड़ा है। 5-7 मिनट में तय होने वाली दूरी पार करने में 30-40 मिनट तक लग गए। बुधवार को भी स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और दफ्तर जाने वालों के साथ एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जाने वाले लोग भी जाम में फंसे रहे। तीनों जगहों पर सड़कें बंद होने से एक मार्ग का ट्रैफिक दूसरे मार्ग पर डायवर्ट होता रहा और इसका असर धीरे-धीरे पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ा। इससे आम लोग बहुत परेशान हैं। कई जगह एंबुलेंस भी फंसी रही। ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें आगे का रास्ता दिया। राम मंदिर चौक : यहां पर वाहन रोकने से बढ़ा ट्रैफिक दबाव राम मंदिर के पास बैरिकेडिंग कर कांके से रातू रोड की ओर आने वाले वाहनों को रोक दिया गया। वाहनों को सिद्धो-कान्हू पार्क की ओर से होकर जाना पड़ रहा है। इससे आरयू और चिल्ड्रेन पार्क के रास्ते पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और जाम लगा। राम मंदिर से रातू रोड की दूरी 5 मिनट में तय हो जाती है, लेकिन आब 30-40 मिनट लग रहे हैं। एलपीएन शाहदेव चौक: 10 मिनट का सफर, 30 मिनट लग रहे एलपीएन शाहदेव चौक की चारों ओर की सड़कों पर बैरिकेडिंग से आवागमन प्रभावित है। सूचना भवन, कोबरा सुविधा केंद्र, राम मंदिर और जज कॉलोनी के पास रास्ते बंद किए गए हैं। इससे किशोरी यादव चौक-जाकिर हुसैन पार्क के पास दबाव बढ़ा और 10 मिनट का सफर 30 मिनट में पूरा हो रहा। पूर्व सूचना नहीं होने से परेशानी बढ़ी। जाकिर हुसैन पार्क : दो में से एक रास्ता बंद, एक से ही आवाजाही जाकिर हुसैन पार्क के पीछे बैरिकेडिंग कर एक रास्ते का आवागमन रोक दिया गया है। अब पार्क के सामने से ही वाहनों की आवाजाही हो रही है। रातू रोड फ्लाईओवर, कचहरी और राजभवन की ओर से आने वाले वाहनों के लिए एक ही रास्ता बचा है। इससे जाम बढ़ गया है। 2 मिनट का सफर 15-20 मिनट में पूरा हो रहा है।
लोगों की सुविधा के लिए बीच-बीच में खोल रहे बैरिकेडिंग छात्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन को देखते हुए सीएम आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है। इसी वजह से सड़क पर बैरिकेडिंग की गई है। लोगों की सुविधा को देखते हुए बैरिकेडिंग थोड़ी-थोड़ी देर में खोल दी जाती है। – राकेश सिंह, ट्रैफिक एसपी रांची
Source link