सिटी रिपोर्टर | बोकारो भाट मुस्लिम मिल्लत कमेटी की ओर से रविवार को सेक्टर-9 स्थित हटिया मोड़ के कर्बला मैदान में महासम्मेलन आयोजित किया गया। नौसाद राय की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और टाटा सहित कई क्षेत्रों से समाज के लोगों ने भाग लिया। महासम्मेलन में समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के साथ संवैधानिक अधिकारों एवं आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर भाट मुस्लिम जाति को अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति की उपयुक्त श्रेणी में शामिल करने की मांग झारखंड एवं केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का निर्णय लिया गया। प्रतिनिधियों ने समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति का निष्पक्ष सर्वेक्षण कराने तथा संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप उचित कार्रवाई की मांग की। साथ ही छात्रवृत्ति, शिक्षा, रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। संगठन को मजबूत बनाने के लिए नौसाद राय को अध्यक्ष, इंजीनियर हातिम राय को सरपरस्त तथा जब्बार राय और टीपू सुल्तान राय को सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा बाबू साहब, इरशाद आलम, कलाम राय, गुलाम मोहिउद्दीन, रज्जाक, फारूख, शेरे मोहम्मद, मनोवर आदि को संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गईं। सम्मेलन में बिहार के पूर्वी चंपारण से भाट मुस्लिम काउंसलिंग के अध्यक्ष अब्दुल सत्तार राय, पलामू-गढ़वा क्षेत्र से सलीम और फल्लू राय तथा टाटा से समाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
Source link