Last Updated:
त्योहारों के इस सीजन में मिलावटी दूध, मावा, पनीर बड़ी मात्रा में बाजार में पहुंच चुका है. हालांकि इनके इस्तेमाल से सेहत को बड़ा खतरा है. डॉक्टर मोहसिन वली ने बताया कि स्टार्च, डिटर्जेंट, मैदा मिलाने से पेट दर्द, एलर्जी, लिवर-किडनी पर बुरा असर होता है. आयोडीन टेस्ट से मिलावट की पहचान की जा सकती है, जान लें तरीका.
नकली दूध और पनीर की घर पर ही ऐसे करें पहचान.
त्यौहारों का सीजन शुरू हो गया है. मिठाइयों, दूध, मावा और पनीर की खपत भी बढ़ गई है. हालांकि इतनी भारी मात्रा में जरूरत को पूरा करने के लिए बड़े पैमाने पर नकली दूध, मिलावटी मावा और सिंथेटिक पनीर बनाकर बेचा जा रहा है. कई राज्यों में लगातार चल रही छापेमारी में सैकड़ों टन डेयरी प्रोडक्ट फेंके और नष्ट भी किए गए हैं, लेकिन अभी भी बाजार में चोरी-छुपे ये बेचे जा रहे हैं. इनका नुकसान शरीर पर काफी गंभीर हो सकता है. आइए डॉक्टरों से आज जानते हैं कि नकली डेयरी प्रोडक्ट्स को कैसे पहचानें और इनके इस्तेमाल से शरीर को क्या गंभीर नुकसान हो सकते हैं?
सर गंगाराम अस्पताल के जाने-माने कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर मोहसिन वली कहते हैं कि पनीर, दूध, मावा और मसाले जैसे मिर्च आदि में जिस तरीके से मिलावट की जा रही है उससे अब डर लगने लगा है क्योंकि इन सब चीजों का इस्तेमाल करने से सेहत को बड़ा खतरा है.
डॉक्टर वली कहते हैं कि आजकल दूध का वॉल्यूम बढ़ाने के लिए स्टार्च, डिटर्जेंट और मैदा मिलाया जाता है, ये चीजें हमारे शरीर पर बहुत बुरा असर डालती हैं. मिलावटी दूध या उससे बनी चीजों के इस्तेमाल से पेट दर्द, एलर्जी, डिहाईड्रेशन, टायफाइड, फीवर जैसी समस्याएं होती हैं इतना ही नहीं मिलावटी चीजों के इस्तेमाल से लिवर और किडनी पर भी बुरा असर पड़ता है. मिलावट एक पाप है लेकिन आजकल लोग इसे खुलेआम कर रहे हैं.
इसके अलावा आजकल घरों में पैकेट वाली चीजों का इस्तेमाल बहुत ज्यादा किया जा रहा है उसका कोई भरोसा नहीं है कि उसके अंदर क्या चीज है. घरों से जो पुरानी चीज थी वह गायब हो चुकी है. सब लोग पैकेट फूड का इस्तेमाल कर रहे हैं. जिसमें काफी मिलावट जैसी चीज भी पाई जाती है जो हमारे शेर पर बुरा असर डाल रही है.
नकली मावा और पनीर की कैसे करें पहचान
डॉक्टरों का कहना है कि आप जो भी चीजें घर में ला रहे हैं उनकी पहचान जरूरी है. आपको पता होना चाहिए कि आप जो खा रहे हैं वह शुद्ध है या मिलावटी है. मिलावटी और नकली चीजों की पहचान आप घर में भी कर सकते हैं.
इस बारे में डॉक्टर बीपी त्यागी कहते हैं कि नकली और मिलावटी पनीर की पहचान आप अपने घर पर बस दो छोटे से स्टेप अपनाकर कर सकते हैं. फेस्टिवल के सीजन में लगातार मिलावट की शिकायतों को देखते हुए जरूरी है कि आप नकली सामान से दूर रहें. इसके लिए बेहद आसान तरीका है.
- वे कहते हैं कि आयोडीन की कुछ ड्रॉप दूध या पनीर पर डालकर देखिए अगर उसका रंग काला हो जाता है तो इसका मतलब कि उसमें मिलावट की गई है.
- ठीक उसी तरीके से भुने चने की भी पहचान की जा सकती है. चना अगर मसलने पर भुरभरा होकर टूट जाता है तो जान लें कि उसमें भी मिलावट है.
- वहीं असली चने की पहचान करनी है तो उसे पानी में डाल दें. असली चना नीचे पानी में बैठ जाएगा. वहीं अगर वह पानी में तैरता रहे तो समझ लें कि वह नकली है. लिहाजा इन छोटे से आसान तरीकों से मिलावटी चीजों की पहचान कर सकते हैं.
About the Author
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …
और पढ़ें