![]()
रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े कथित घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार की सुबह एसीबी की टीम ने गिरफ्तार सात अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, रांची के बरियातू, कांके, कोकर, अरगोड़ा और मोरहाबादी के वृंदावन अपार्टमेंट में और गिरीडीह में छापेमारी की जा रही है। पूर्व अंचलाधिकारी शैलेश कुमार के आवास पर रेड
गिरिडीह और रांची समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। गिरिडीह के शास्त्री नगर स्थित बड़गाईं के पूर्व अंचलाधिकारी शैलेश कुमार के आवास पर एसीबी की टीम करीब आधा दर्जन गाड़ियों से पहुंची। टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस के जवान भी मौजूद थे। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई। सुबह से ही आवास के अंदर एसीबी की टीम दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों से जुड़े कागजातों की जांच कर रही है। बताया जाता है कि शैलेश कुमार रांची के बड़गाईं अंचल में अंचलाधिकारी के पद पर पदस्थापित रह चुके हैं। रिम्स जमीन घोटाले में उनकी भूमिका सामने आने के बाद एसीबी ने उन्हें गिरफ्तार किया था। फिलहाल इस मामले में एसीबी रांची थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत जांच कर रही है। गिरिडीह में शैलेश कुमार का आवास
शुक्रवार को हुई छापेमारी को इसी जांच की अगली कड़ी माना जा रहा है। गिरिडीह में शैलेश कुमार का आवास है। इससे पहले भी एसीबी की टीम उनके गिरिडीह स्थित आवास पर छापेमारी कर चुकी है। पूरा मामला रिम्स के विस्तार के लिए अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है। इसमें मोरहाबादी मौजा की करीब 8 एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है। इस जमीन की कीमत 100 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। आरोप है कि जमीन दलालों, बिल्डरों और कुछ अधिकारियों के गठजोड़ ने फर्जी दस्तावेजों तथा सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर कर अधिग्रहित जमीन को निजी संपत्ति के रूप में दिखाने की कोशिश की। अवैध निर्माण कर अपार्टमेंट भी बनाया गया था
इसके जरिए जमीन की खरीद-बिक्री का प्रयास भी किया गया। जमीन के एक हिस्से पर कथित रूप से अवैध निर्माण कर अपार्टमेंट भी बनाया गया था, जिसे बाद में न्यायिक आदेश के तहत हटाया गया। जांच के दौरान एसीबी की टीम जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज, पावर ऑफ अटॉर्नी और राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। इसके अलावा शैलेश कुमार के आवास से जुड़े दस्तावेजों, बैंक खातों, जमीन के कागजात और अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। एसीबी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित घोटाले में किन-किन लोगों की भूमिका रही है और इसके जरिए कितनी संपत्ति अर्जित की गई। कई अधिकारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है
गौरतलब है कि सितंबर 2024 में बड़गाईं जमीन मामले की जांच के दौरान भी एसीबी ने रांची, हजारीबाग, चाईबासा और गिरिडीह समेत कई स्थानों पर अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। वहीं, रिम्स जमीन घोटाले में भी अब तक कई अधिकारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसीबी सरकारी अधिकारियों, जमीन कारोबारियों और अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल गिरिडीह और रांची स्थित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही एसीबी की ओर से बरामद दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आ सकेगी।
Source link