सिटी रिपोर्टर | बोकारो माउंट सियोन स्कूल सेक्टर-12डी में वार्षिक सांस्कृतिक समारोह तरंग 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों के लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर साकार किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर छोटानागपुर जोन, झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा थे। आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों को जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन अपनाने और निरंतर मेहनत से सफलता हासिल करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय की ओर से बच्चों को प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने की उन्होंने सराहना की। समारोह में विभिन्न राज्यों की लोकसंस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने पारंपरिक लोकगीतों और नृत्यों के जरिए देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में विविधता में एकता का संदेश भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि ने मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। प्राचार्या डॉ. बी. रीना ठाकुर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अवसर पर जिले के दर्जनों स्कूलों के निदेशक, प्राचार्य व प्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम की प्रशंसा की। कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को नई सीख देते हैं। शिक्षक भी ज्ञान प्राप्त करते हैं।
Source link