भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

deoghar naulakha temple architecture history and jharkhand tourism


होमताजा खबरधर्म

झारखंड का नौलखा मंदिर: नौ लाख रुपये में बना, नौ साल में हुआ तैयार, जानिए कहानी

Last Updated:

देवघर का प्रसिद्ध नौलखा मंदिर अपनी खूबसूरत बनावट, लाल पत्थरों और इतिहास के लिए पर्यटकों को आकर्षित करता है. इस मंदिर का निर्माण कोलकाता की रानी चारुशीला दासी ने करवाया था.

Deogghar Naulakha Temple: बाबानगरी देवघर की पहचान सिर्फ बाबा बैद्यनाथ धाम और धार्मिक आस्था तक ही सीमित नहीं है. बल्कि यहां की प्राकृतिक खूबसूरती और ऐतिहासिक धरोहरें भी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं. शहर के आसपास स्थित त्रिकूट पर्वत, तपोवन पर्वत और नंदन पहाड़ प्रकृति प्रेमियों के लिए खास आकर्षण हैं. यहां के कई मंदिर अपने भीतर सदियों पुराना इतिहास और अनूठी कहानियां समेटे हुए हैं. इन्हीं ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है देवघर का प्रसिद्ध नौलखा मंदिर. इसकी खूबसूरत बनावट, ऊंचे-ऊंचे गुंबद और लाल पत्थरों से तैयार की गई नक्काशीदार संरचना को देखकर पर्यटक कुछ देर के लिए ठहर जाते हैं. खास बात यह है कि इस भव्य मंदिर का निर्माण किसी राजा ने नहीं, बल्कि कोलकाता की रानी चारुशीला दासी ने अपने पुत्र की याद में करवाया था.

48 साल से मंदिर में सेवा कर रहे हैं पुजारी
नौलखा मंदिर में पिछले 48 वर्षों से सेवा कर रहे पुजारी सुनील चंद्र दूबे ने Local18 से बातचीत में बताया कि रानी चारुशीला दासी के पुत्र की मृत्यु महज आठ वर्ष की उम्र में हो गई थी. बेटे की याद को हमेशा के लिए संजोकर रखने के उद्देश्य से उन्होंने इस भव्य मंदिर का निर्माण करवाया था. कहा जाता है कि उस समय मंदिर के निर्माण पर करीब नौ लाख रुपये खर्च हुए थे. इसे तैयार होने में पूरे नौ साल लगे थे. इसी वजह से इसका नाम नौलखा मंदिर पड़ा. इस मंदिर को युगल मंदिर के नाम से भी जाना जाता है. यहां महाराज बालानंद ब्रह्मचारी और भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर है. धार्मिक आस्था के साथ-साथ यह स्थान अपने ऐतिहासिक महत्व के लिए भी जाना जाता है.

उत्तर प्रदेश के चुनार से लाए गए थे लाल पत्थर
मंदिर की सबसे खास बात इसकी शानदार स्थापत्य कला है. इसकी संरचना में लाल पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है. जिन्हें उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चुनार से लाया गया था. मंदिर में बने आठ खूबसूरत गुंबद इसकी भव्यता को और बढ़ाते हैं. पुराने समय में जिस बारीकी और मेहनत से इसका निर्माण किया गया था. वह आज भी लोगों को हैरान कर देता है. यही वजह है कि देवघर आने वाले श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के साथ नौलखा मंदिर के दर्शन करने भी पहुंचते हैं. इसकी नक्काशी और वास्तुकला पर्यटकों को खासा आकर्षित करती है.

नौलखा मंदिर की खूबसूरती देखकर हैरान रह गए पर्यटक
नागपुर से देवघर घूमने पहुंचे पर्यटक राजेश कुरमे बताते हैं कि उन्होंने नौलखा मंदिर के बारे में पहले काफी सुना था. लेकिन जब उन्होंने अपनी आंखों से इसकी खूबसूरती और बनावट देखी तो आश्चर्यचकित रह गए. उनका कहना है कि जिस बारीकी और तकनीक से इतने पुराने समय में इस मंदिर का निर्माण किया गया था. वह आज के दौर में भी किसी चुनौती से कम नहीं है. यहां आकर उन्हें एक बेहद रोमांचक और यादगार अनुभव हुआ.

धार्मिक स्थल के साथ स्थापत्य कला का भी अद्भुत नमूना
कुल मिलाकर देवघर आने वाले पर्यटकों के लिए नौलखा मंदिर सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि इतिहास और अद्भुत स्थापत्य कला का अनमोल नमूना है. नौ लाख रुपये की लागत और नौ साल की मेहनत से तैयार इस मंदिर की खूबसूरती आज भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है. बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नौलखा मंदिर की सैर भी यादगार अनुभव साबित हो सकती है. देश के अलग-अलग हिस्सों से देवघर पहुंचने वाले पर्यटक इस ऐतिहासिक धरोहर को देखने और इसकी खूबसूरती को अपने कैमरे में कैद करने से खुद को रोक नहीं पाते.

About the Author

Amit Ranjan

अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top