Last Updated:
Koderma Black Cobra Chili : झुमरी तिलैया की कंचन सिंह ने गमले में बेहद तीखी ब्लैक कोबरा मिर्च उगाई हैं. उन्होंने बताया कि यह मिर्च सालभर उत्पादन देती है. जहां एक मिर्च ही सब्जी, अचार और चटनी के लिए काफी है. इस मिर्च की खासियत जानकर आप हैरान रह जाएंगे.
कोडरमा: घर और रेस्टोरेंट में स्वादिष्ट व्यंजनों की पहचान मसालों से होती है और इनमें मिर्च की भूमिका सबसे अहम मानी जाती है, लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि बाजार से खरीदी गई मिर्च अधिक मात्रा में डालने के बावजूद अपेक्षित तीखापन नहीं दे पाती. ऐसे में झुमरी तिलैया के बिशनपुर रोड निवासी गृहणी कंचन सिंह ने अपने घर के गमले में एक ऐसी खास मिर्च उगाई है. जिसकी चर्चा अब आसपास के लोगों के बीच हो रही है. इस मिर्च का नाम ब्लैक कोबरा है. जो अपने तेज तीखेपन और सालभर उत्पादन के लिए जानी जाती है.
गमले में लगाकर कर कर सकते हैं उत्पादन
कंचन सिंह ने बताया कि जहां सामान्य तौर पर सब्जी बनाने में 8 से 10 मिर्च तक डालनी पड़ती थी. वहीं, अब सिर्फ एक ब्लैक कोबरा मिर्च ही पर्याप्त साबित हो रही है. उन्होंने इस मिर्च का बीज अपने एक परिचित से लिया था. बीज से पौधा तैयार कर गमले में लगाया गया और अब यह पौधा लगातार मिर्च दे रहा है. उन्होंने बताया कि पौधा लगाने के करीब 60 से 70 दिनों बाद इसमें मिर्च आनी शुरू हो जाती है और इसके बाद सालभर उत्पादन बना रहता है. इस पौधे की एक और बड़ी खासियत यह है कि इसमें मिर्च नीचे झुकने के बजाय आसमान की ओर ऊपर उठती हुई लगती है, जो इसे आम मिर्च के पौधों से अलग बनाती है.
बाजार से मिर्च खरीदना जाएंगे भूल
उन्होंने बताया कि ब्लैक कोबरा मिर्च का रंग भी इसे खास बनाता है. शुरुआत में यह हरे रंग की होती है, फिर धीरे-धीरे हल्के बैंगनी रंग में बदलती है और पकने के बाद लाल हो जाती है. इसका हल्का बैंगनी रूप सबसे ज्यादा तीखा होता है. उन्होंने बताया कि इस पौधे की सबसे बड़ी खूबी यह है कि पूरे साल मिर्च मिलती रहती है. जिससे अब बाजार से मिर्च खरीदने की जरूरत लगभग खत्म हो गई है. अधिक उत्पादन होने पर इसे सुखाकर भी रखा जा सकता है और जरूरत पड़ने पर उपयोग किया जा सकता है.
अचार, चटनी, स्नैक्स में भी कर सकते हैं इस्तेमाल
उन्होंने बताया कि नियमित सिंचाई और पर्याप्त धूप मिलने पर पौधा तेजी से बढ़ता है और अधिक मिर्च देता है. गमले में आसानी से उगने के कारण यह घरों के लिए बेहतर है. ब्लैक कोबरा मिर्च का इस्तेमाल सिर्फ सब्जियों तक सीमित नहीं है. इसका उपयोग चटनी, अचार, तीखे स्नैक्स और अन्य मसालेदार व्यंजनों में भी किया जा सकता है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें