भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

स्कूलों में आज से 12 दिन झारखंड स्थापना दिवस उत्सव मनेगा



भास्कर न्यूज | रामगढ़ झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के स्कूलों में 17 से 28 नवंबर तक 12 दिवसीय उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, गौरव गाथा, महापुरुषों, आंदोलनकारियों और राज्य की समृद्ध विरासत व संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। इसके लिए स्कूलों में विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें क्विज, निबंध, नृत्य, गायन, ड्रामा, कथा वाचन और पेंटिंग प्रतियोगिताएं शामिल हैं। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देशानुसार कार्यक्रम विद्यालय, प्रखंड और जिला स्तर पर होंगे। शिक्षा विभाग ने सभी प्रधानाध्यापकों, बीईईओ, बीपीओ, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी, एडीपीओ और एपीओ को निर्धारित समय पर कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश दिया है। प्रखंड और जिला स्तर के कार्यक्रम क्रमशः मुख्यालय के संसाधनयुक्त विद्यालयों में होंगे। कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें झारखंड का इतिहास, महापुरुष, आंदोलनकारी, राज्य की स्थापना, विरासत, संस्कृति और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। विद्यालय स्तर पर 18 और 19 नवंबर, प्रखंड स्तर पर 25 नवंबर तथा जिला स्तर पर 27 नवंबर को प्रतियोगिता होगी। निबंध प्रतियोगिता में झारखंड की संस्कृति, वीर सपूतों, पर्यावरण संरक्षण, खनिज संपदा का राष्ट्रीय विकास में योगदान, वनोपज, कृषि आधारित औद्योगिकीकरण, पशुपालन, मत्स्य पालन, रोजगार की संभावनाओं और जलवायु परिवर्तन जैसे विषय शामिल हैं। स्कूल स्तर पर 18 से 20 नवंबर, प्रखंड स्तर पर 25 नवंबर तक कार्यक्रम आयोजित होंगे। नृत्य, गायन, ड्रामा और कथा वाचन प्रतियोगिताएं कक्षा 6 से 8 और 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए होंगी। इनमें सरहुल, करमा, जितिया, टुसू, माघे और सोहराय जैसे स्थानीय पर्व-त्योहारों तथा लोकगीतों को आधार बनाया जाएगा। इनका आयोजन विद्यालय स्तर पर 18 से 20 नवंबर, प्रखंड स्तर पर 25 नवंबर और जिला स्तर पर 27 नवंबर को होगा।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top