Last Updated:
Bokaro Agriculture News: बोकारो के सतनपुर गांव निवासी किसान सुभाष गोराई ने 1 एकड़ में नेनुआ की उन्नत खेती की है. वह इस खेती से करीब 1 लाख रुपये मुनाफा कमा रहे हैं. उन्होंने बताया कि इसकी खेती उन्होंने मचान और जमीन दोनों तकनीक अपनाई है. इस वजह से बंपर पैदावार हो रही है.
बोकारो: झारखंड में बोकारो जिले के चास प्रखंड स्थित सतनपुर गांव है. यहां गांव के किसान सुभाष गोराई पारंपरिक खेती से अलग हटकर नेनुआ की खेती में सफलता की नई मिसाल पेश कर रहे हैं. उन्होंने 1 एकड़ जमीन में नेनुआ की उन्नत खेती कर करीब 100000 रुपये का मुनाफा कमाया है और स्थानीय किसानों को खेती के लिए प्रेरित कर रहे हैं. आइये जानते हैं किसान की खेती के सफलता के बारे में.
किसान सुभाष गोराई ने लोकल 18 से बताया कि वह किसान परिवार से आते हैं. उनके परिवार में कई पीढ़ियों से खेती की जा रही है, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने भी खेती करने का निर्णय लिया. किसान सुभाष ने बताया कि फरवरी महीने के आखिरी सप्ताह में उन्होंने नेनुआ की बुवाई की थी और यह फसल महज 2 महीने में उत्पादन देना शुरू कर देती है, जिससे किसानों को कम समय में अच्छी आमदनी मिल जाती है.
मचान और जमीन दोनों जगह की है खेती
उन्होंने जमीन और मचान दोनों विधियों से नेनुआ की खेती की है. क्योंकि गर्मियों में चलने वाली तेज गर्म हवाओं से मचान पर लगी फसल अधिक प्रभावित होती है, जबकि जमीन पर लगी सब्जियां सुरक्षित रहती है. वहीं, बारिश के मौसम में मचान विधि ज्यादा फायदेमंद साबित होती है. क्योंकि इससे सब्जियां खराब होने से बच जाती हैं. इसी कारण नुकसान से बचने और बेहतर उत्पादन के लिए दोनों तकनीकों को अपनाया है.
1 एकड़ में आता है 30000 की लागत
वहीं, एक एकड़ में नेनुआ कि खेती में करीबन 30 हजार रूपये कि लागत आती है. इससे आसानी से 70 से 90 क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है. नेनुआ की फसल लगाकर किसान करीबन दो से तीन महीने तक लगातार तोड़ाई कर सकते हैं, जिसे बेचकर पूरे सीजन में तगड़ी कमाई की जा सकती है. वहीं, वर्तमान बाजार में नेनुआ की कीमत लगभग 20 रुपये प्रति किलो चल रही है. ऐसे में यदि किसान 70 क्विंटल उत्पादन प्राप्त करता है तो करीब 1 लाख 40 रूपये कि आमदनी संभव है. किसान लागत हटाकर 1 लाख 10 हजार रूपये का मुनाफा कमा सकता है. इस सब्जी को किसान 12 महीने लगा सकते हैं. क्योंकि इसकी मांग बाजार में हमेशा बनी रहती है और किसान इसे बेचकर मोटा मुनाफा कमा सकते हैं.